gulmohar

दो पेटियाँ, आधी सदी की यादें

बाई की पुरानी पेटी और बाबूजी की पेटी में सहेजी बचपन की यादें दो पुरानी पेटियाँ, जिनमें आज भी आधी सदी की यादें और माँ-बाप का स्नेह बसा है।
suresh parihar editor

सुरेश परिहार, पुणे

हर साल दिवाली आती है, घर की सफाई होती है। पुरानी चीजों पर जमी धूल हटाई जाती है, बेकार समझकर कुछ चीजें बाहर कर दी जाती हैं और कुछ को सहेजकर फिर उसी जगह रख दिया जाता है। लेकिन मेरी सफाई में दो चीजें ऐसी हैं, जिन्हें हटाने या बेकार समझने का सवाल ही नहीं उठता। उन्हें झाड़-पोंछकर साफ करना मुझे अच्छा लगता है। वे हैं बाई की पेटी और बाबूजी की पेटी।

ये महज दो पेटियाँ नहीं हैं। इनमें मेरा बचपन बंद है, माँ-बाप का संसार बसा है और आधी सदी से भी पुरानी यादें आज भी साँस लेती हैं।

बाबूजी की पेटी के अस्तित्व में आने से पहले घर में सिर्फ बाई की पेटी थी। वही हमारा बैंक लॉकर थी, वही कबर्ड, वही अलमारी और वही तिजोरी। घर की कीमती चीजों से लेकर जरूरी कागजात तक, सबका ठिकाना वही थी। वह पेटी बाई को शादी में मेरे नानाजी ने दी थी या फिर मेरी दादी ने अपनी पेटी माँ को दी थी, ठीक-ठीक याद नहीं। बचपन की स्मृतियों में कुछ बातें धुँधली हो जाती हैं, लेकिन उनसे जुड़ा अपनापन कभी धुँधला नहीं पड़ता।

हाँ, इतना जरूर याद है कि वह पेटी गजब की मजबूत थी… मेरी माँ और दादी की तरह ही।

साल 1975 रहा होगा। तब से उस पेटी को देखता आ रहा हूँ। इतने वर्षों में उसकी मजबूती में कोई फर्क नहीं आया। बस, उसका रंग बदलता रहा। घर में जो ऑयल पेंट बच जाता, उसी से उसे नया रंग दे दिया जाता। हर बार वह नए रंग में सामने आती, लेकिन उसके भीतर बसी पुरानी यादों का रंग कभी नहीं बदला।

मुझे आज भी याद है, उसमें बाई की दो-तीन साड़ियाँ, बाबूजी का कोट, जीपीएफ की बुक, सरकारी कागजात की कुछ फाइलें और हम भाई-बहनों की जर्सियाँ रखी रहती थीं। साथ ही पाउडर के दो गोल डिब्बे भी थे, जिनमें माँ के गहने संभालकर रखे जाते थे। भारी पायजेब, सट की जोड़, बोर, सोने के मोतियों की एक माला और एक जोड़ी झुमकी… बस, यही तो थे माँ के गहने! इनमें से कौन-सा गहना बाबूजी ने खरीदा था और कौन-सा माँ के मायके से आया था, यह अब याद नहीं। लेकिन उन गहनों का जिक्र आते ही माँ का चेहरा आँखों के सामने आ जाता है।

आज के समय में शायद किसी को ये गहने बहुत मामूली लगें, लेकिन उस दौर में ये माँ की जमा-पूँजी थे। उनकी छोटी-सी दुनिया की कुछ अनमोल निशानियाँ। शायद माँ ने भी इन्हें कभी गहनों की तरह नहीं, अपने जीवन के हिस्से की तरह सहेजकर रखा होगा।

बाई की पेटी साल में दो-तीन बार ही खुलती थी। उसका खुलना किसी मंदिर के पट खुलने जैसा लगता था। जैसे ही ताला खुलता, हम सब भाई-बहन उसके चारों ओर जमा हो जाते। पता नहीं, पेटी के भीतर रखी चीजों में ऐसा क्या आकर्षण था कि उसे खुलते देखने भर से मन में उत्सुकता जाग उठती थी।

माँ उसमें से साड़ियाँ और जर्सियाँ निकालती और बारिश के बाद क्वार महीने की धूप में डालने को कहती। हम कपड़े फैलाकर धूप में बैठ जाते। दोपहर तक उनकी निगरानी करते रहते। आज सोचता हूँ, तब हमारे पास न मोबाइल थे, न मनोरंजन के इतने साधन, फिर भी समय कितनी सहजता से बीत जाता था। माँ के आसपास बैठना, उनके कहने पर छोटे-छोटे काम करना और उस पेटी से निकलने वाली चीजों को कौतूहल से देखना भी अपने आप में एक सुख था।

उस समय कहाँ पता था कि जीवन के ये साधारण-से पल एक दिन इतने असाधारण हो जाएँगे! तब तो लगता था कि माँ हमेशा रहेगी, घर हमेशा ऐसा ही रहेगा और हर दिवाली पेटी साफ करते हुए हम इसी तरह बचपन की दुनिया में लौटते रहेंगे।

पेटी पर एक बड़ा और मजबूत ताला लगा रहता था। शायद घर के मेन गेट से भी बड़ा! उस ताले को देखकर लगता था, जैसे माँ ने अपनी छोटी-सी दुनिया को सुरक्षित रखने के लिए कोई मजबूत पहरेदार बैठा रखा हो। उस दुनिया में कपड़े थे, गहने थे, कागजात थे और न जाने कितनी छोटी-बड़ी चिंताएँ, जिम्मेदारियाँ और उम्मीदें थीं।

फिर एक दिन बाबूजी की पेटी भी घर आ गई। शायद शामगढ़ से खरीदी गई थी। बाई की पेटी के मुकाबले छोटी, अटैची जैसी। उसमें बाबूजी के प्रेस किए हुए कपड़े रखे जाते थे। बाई की पेटी में रखे कुछ सरकारी कागजात भी धीरे-धीरे वहाँ पहुँच गए।

बाबूजी की पेटी का संसार थोड़ा अलग था। उसमें पुराने ब्लैक एंड व्हाइट फोटो थे, कुछ रंगीन तस्वीरें थीं, हम भाई-बहनों की जन्मकुंडलियाँ थीं, रिजल्ट कार्ड थे। एक सरौता था, एक रामपुरी चाकू था, जो सिर्फ देखने के लिए था, और एक कटार भी थी। वह कटार शायद बाबूजी ने दूल्हा बनने के समय हाथ में पकड़ी होगी। उसे संभालकर रखने की एक वजह यह भी थी कि उसका मखमली कवर बहुत सुंदर था।

बचपन में उस कटार को देखकर मन में कितने सवाल उठते होंगे! बाबूजी दूल्हा बने होंगे, तब कैसे लगते होंगे? उनके हाथ में यह कटार कैसी दिखती होगी? उनकी शादी में क्या-क्या हुआ होगा? उन दिनों के बारे में उनसे कितना कुछ पूछा जा सकता था। लेकिन बचपन में सवालों की फेहरिस्त इतनी लंबी कहाँ होती थी! जो सामने था, बस उसी को देखने और छूने में मन लगा रहता था।

समय बीतता गया। कटार को बार-बार बाहर निकालने और भीतर रखने से उसका सुंदर मखमली कवर भी कट गया। आज सोचता हूँ, काश! उस समय यह समझ होती कि कुछ चीजें केवल देखने के लिए नहीं, अपने अतीत को महसूस करने के लिए भी होती हैं। उन्हें सँभालकर रखने का अर्थ सिर्फ उनकी उम्र बढ़ाना नहीं, उनसे जुड़ी स्मृतियों को बचाए रखना भी होता है।

बाबूजी की पेटी सिर्फ घर में सामान रखने के काम नहीं आती थी। वह हमारी यात्राओं की साथी भी थी। कहीं दो-चार दिनों के लिए जाना होता, तो हम सबके कपड़े उसी में भर दिए जाते। आज की तरह पहियों वाली ट्रॉली नहीं थी, जिसे खींचते हुए आराम से चला जाए। उसे हाथों या कंधों के सहारे उठाना पड़ता था।

एक तरफ सीधा हैंडल था, जिसे पकड़कर एक व्यक्ति उठा सकता था। दूसरी तरफ दोनों सिरों पर कड़े लगे थे, जिन्हें पकड़कर दो लोग आजू-बाजू से उठाते थे। पेटी भारी होती थी, इसलिए उसे उठाने में भी साझेदारी करनी पड़ती थी।

अब लगता है, शायद वह पेटी हमें बिना कुछ कहे परिवार का एक छोटा-सा पाठ भी पढ़ाती थी। बोझ ज्यादा हो, तो दो लोग मिलकर उठाते हैं। अकेले उठाना मुश्किल हो, तो किसी का हाथ थाम लेना चाहिए।

रेल यात्रा में भी वह हमारी बड़ी मददगार थी। उन दिनों ट्रेन में सीट मिलना हमेशा आसान नहीं होता था। सीट नहीं मिली, तो हम भाई-बहन बारी-बारी से उसी पेटी पर बैठकर सफर पूरा कर लेते थे। हमारे लिए वह सिर्फ सामान रखने की पेटी नहीं थी, जरूरत पड़ने पर सीट भी बन जाती थी।

आज की पीढ़ी को शायद यह सब सुनकर आश्चर्य हो। आज यात्रा का मतलब आराम, सुविधा और पहियों पर चलता सामान है। तब यात्रा में थोड़ी असुविधा जरूर थी, लेकिन उसी के भीतर हमारा अपना सुख भी छिपा था। साथ बैठना, एक-दूसरे के लिए जगह बनाना और लंबा सफर हँसते-बतियाते काट देना… यही तो परिवार था।

अब बाई-बाबूजी दोनों नहीं रहे। घर में उनकी आवाजें नहीं गूँजतीं। न माँ के हाथों से साड़ियाँ निकलती हैं, न बाबूजी के कपड़े करीने से रखे दिखाई देते हैं। लेकिन उनकी पेटियाँ आज भी मौजूद हैं। समय ने बहुत कुछ बदल दिया, घर के लोग बदल गए, जीवन की जरूरतें बदल गईं, मगर ये पेटियाँ अब भी वहीं हैं।

जब भी इन्हें खोलता हूँ, लगता है जैसे कोई पुरानी किताब खुल गई हो। फर्क सिर्फ इतना है कि इस किताब के पन्ने कागज के नहीं, कपड़ों, तस्वीरों, कागजात और छोटी-बड़ी वस्तुओं के बने हैं। हर चीज अपने भीतर कोई कहानी छिपाए बैठी है। किसी को छूते ही कोई भूला हुआ दृश्य आँखों के सामने आ जाता है। कभी माँ की साड़ी याद आती है, कभी बाबूजी का कोट, कभी वह कटार, तो कभी ट्रेन में पेटी पर बैठकर किया गया सफर।

कभी-कभी लगता है कि इन पेटियों में सामान कम और हमारा बीता हुआ जीवन ज्यादा रखा है। ये हमें उस समय में ले जाती हैं, जब जरूरतें कम थीं, साधन सीमित थे और छोटी-छोटी चीजों में भी खुशियाँ मिल जाती थीं। तब शायद हमें पता भी नहीं था कि हम कितनी खूबसूरत स्मृतियाँ जमा कर रहे हैं।

दिवाली पर जब घर की सफाई करते हुए इन पेटियों पर कपड़ा फेरता हूँ, तो केवल धूल नहीं हटाता। लगता है, जैसे बीते समय की परतों को धीरे-धीरे सहला रहा हूँ। मन करता है कि इन्हें खोलकर देर तक बैठा रहूँ, हर चीज को देखूँ, हर याद को फिर से जी लूँ।

बाई-बाबूजी अब लौटकर नहीं आएँगे। उनके साथ बीता समय भी वापस नहीं आएगा। लेकिन इन पेटियों के बहाने उनसे मिलने का एक रास्ता अब भी बचा हुआ है। इन्हें खोलते ही वे किसी तस्वीर की तरह सामने आ खड़े होते हैं। उनकी कही-अनकही बातें, उनकी आदतें, उनकी मेहनत और हमारे लिए सँजोकर रखी गई छोटी-छोटी चीजें… सब कुछ एक साथ याद आने लगता है।

शायद इसीलिए मैं इन पेटियों को फेंक नहीं सकता। इनका पुराना होना मुझे अखरता नहीं, बल्कि इनकी उम्र पर गर्व होता है। इनके रंग भले ही कई बार बदल गए हों, लेकिन इनके भीतर बसी यादें आज भी वैसी ही हैं।

इस दिवाली भी जब इन पर कपड़ा फेरूँगा, तो शायद कुछ देर के लिए हाथ रुक जाएँगे। आँखें किसी पुराने दृश्य में उलझ जाएँगी और मन चुपचाप बाई-बाबूजी के पास जा बैठेगा।

दिवाली हर साल आती है। घर हर साल साफ होता है। लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें साफ करते हुए हम उन्हें नहीं, खुद को सँभाल रहे होते हैं।

बाई की पेटी और बाबूजी की पेटी मेरे लिए ऐसी ही हैं।

इनमें रखा सामान कभी खत्म हो जाएगा, शायद एक दिन ये पेटियाँ भी टूट जाएँ। लेकिन इनके भीतर जो बचपन रखा है, जो माँ-बाप का प्यार रखा है, जो आधी सदी की स्मृतियाँ रखी हैं, उन्हें कोई ताला बंद नहीं कर सकता और न ही समय की कोई धूल मिटा सकती है।

दिवाली आई, तो फिर सब याद आ गया…

और भी हैं इन पेटियों की दास्तान…

इन रचनाओं को भी पढ़ें

तुम्हारे ख़्वाबों में आने की चाह
आभार
आधुनिक नारी और नवरात्रि की गाथा
आवाज़
प्यार कोई स्विच नहीं होता
शिक्षा : उज्ज्वल भविष्य और सशक्त समाज की आधारशिला
आधा चेहरा
ख़्वाबों का घर
राख की आग

4 thoughts on “दो पेटियाँ, आधी सदी की यादें”

  1. बहुत प्यारी यादें।
    हममें से अधिकांश ने उस दौर को जिया है।
    इन पेटियों का वर्णन पुरानी गलियों की सैर के साथ साथ आँखों में नमी भी दे गया।🥰🌷🌷

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *