gulmohar

कुंडलियां जन-मन की…

माया मोह, मानवता और ईश्वर भक्ति पर आधारित हिंदी दोहों का सांकेतिक दृश्य। जीवन की सच्चाइयों और मानवता का संदेश देते दोहे।

डॉ. सरला सिंह ‘स्निग्धा’ (दिल्ली-एनसीआर)

कहते सारे लोग हैं, नहीं भला है साथ।
दुर्जन से दूरी भली, नहीं पकड़ना हाथ।
नहीं पकड़ना हाथ, साथ ये कभी न देते।
करते हैं ये घात, प्राण तक ये हर लेते।
दया-धर्म से दूर, हमेशा ही ये रहते।
झूठों के सरदार, दुष्ट सब इनको कहते।।1।।

जकड़े माया जाल में, घूम रहे सब लोग।
जान सके कब वे सखी, यह तो है बस रोग।
यह तो है बस रोग, नहीं उलझो जी इसमें।
देखो जीवन पार, सही होता है किसमें।
चार दिनों का खेल, फिरे हो क्यों तुम अकड़े।
माया है जंजाल, पड़े जिसमें तुम जकड़े।।2।।

सारी ही चिंता सखी, दी मैंने है डाल।
मालिक अब जो भी करे, रखें हमें जिस हाल।
रखें हमें जिस हाल, नहीं कुछ लेना-देना।
उनकी ही पतवार, नाव उनको ही खेना।
उन पर सब कुछ छोड़, बनी मैं तो जी हारी।
रघुवर के अब नाम, छोड़ दी चिंता सारी।।3।।

कोई भी दिखता नहीं, सच्चा साथी यार।
देखो होने लगा है, सपनों का व्यापार।
सपनों का व्यापार, बिकें अब रिश्ते-नाते।
जितनी दौलत पास, लोग उतने ही भाते।
मानवता जा आज, कहाँ पर देखो सोई।
बेच रहे हैं आज, देख सपने हर कोई।।4।।

माया की दुनिया रची, मिले हमें दिन चार।
हार-जीत का खेल है, मत होना लाचार।
मत होना लाचार, मिले जो हँसकर लेना।
बदले में सुख-चैन, सभी को प्यारे देना।
जग में देखो आज, कष्ट सब पर ही छाया।
देना सबका साथ, जोड़ मत साथी माया।।5।।

धरती सारी रो रही, मिला झूठ को मान।
सच्चा है छिपता फिरे, बढ़े पाप की शान।
बढ़े पाप की शान, लगे अब डरने सारे।
राक्षस की यह जाति, देख सज्जन सब हारे।
विनती प्रभु से आज, जोड़कर अचला करती।
आ जाओ अब नाथ, बहुत बोझिल है धरती।।6।।

मानव को करती दुखी, ये नफ़रत की आग।
मत इसके संग खेलना, समझ इसे तुम फाग।
समझ इसे तुम फाग, नहीं तुम प्रीत बढ़ाना।
होते खंडित देश, नहीं दो इसे ठिकाना।
नफ़रत का ये बीज, बनाती जग में दानव।
छोड़ इसे सब लोग, बनो बस सच्चे मानव।।7।।

फिरते खोजे हो कहाँ, प्रभु तो तेरे पास।
जल में प्यासी मीन ज्यों, ऐसी तेरी आस।
ऐसी तेरी आस, नहीं अंतर में देखा।
गढ़ दी राह अनेक, खींच आपस में रेखा।
मिले कहाँ फिर ज्ञान, मेघ जड़ता के घिरते।
मन में हैं भगवान, मूढ़ दर-दर हैं फिरते।।8।।

इन रचनाओं को भी पढ़ें
ख्वाबों को शब्दों और रंगों में ढालती एक रचनाकार
उम्मीदों का बोझ
मन का मौसम फिर है धानी
वसुंधरा
जीवन चक्र
सफलता का मंत्र
क़ैद वक़्त
शब्दों से रेखाओं तक : एक रचनात्मक सफर
पतिव्रता वेश्या: स्त्री के चरित्र पर समाज से सवाल
ये मुआ जानलेवा स्क्रीन
सेवा
अंजू हारी नहीं, उसने अपने लिए जीने का फैसला किया
सात घंटे, 51 रचनाकार और कविता के अनगिनत रंग
आस्था, तपस्या और सूर्य उपासना का महापर्व : छठ पूजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *