gulmohar

जीवन चक्र

नानी के झुर्रियों भरे हाथों को थामे बचपन की यादों में खोई पोती। समय बदलता है, हाथों की कोमलता बदल जाती है, लेकिन उन हाथों में बसा बचपन कभी नहीं बदलता।

अपूर्वा बिजनौर

नानी जी

आपका होना
हमारे घर की
सबसे सुंदर प्रार्थना का
सुना जाना है।

आपके पास बैठना
किसी ऋण की वापसी नहीं है।
भला, ऐसा हो भी कैसे सकता है?
वह तो बस
समय के
उस खंड से मिलना है,
जब बचपन में आप
अपनी मुलायम हथेलियों से
मेरे बालों में गोले का तेल लगाती थीं।
दर्द होने पर
आपकी जादुई हथेलियाँ
किसी वैद्य की तरह
मेरी पीड़ा पहचान लेती थीं
और गुनगुना तेल लगाती थीं।

आपकी उँगलियों का
वह स्पर्श
जादू घोल देता था मेरे भीतर।
आज उन्हीं हाथों में
जब कैनुला लगा देखती हूँ,
तो दर्द से
मेरा बचपन सिहर उठता है।
गोरे-गोरे, नर्म हाथ
और उनमें चुभती सुइयाँ
लगती हैं मुझे नुकीली तलवारों-सी।
इन्हीं हाथों से
आपने बुने थे
मेरे लिए न जाने कितने स्वेटर,
बनाई थीं बहुत सुंदर फ्रॉक्स।

अब अक्सर
आपकी उँगलियों से
फिसल जाती है सुई,
तो
मैं ढूँढ़ने लगती हूँ
इन झुर्रियों में
अपना बचपन।
यही तो वे उँगलियाँ थीं
जो शीत के प्रकोप में
विक्स लगाती थीं मुझे।

बार-बार
मेरी हथेलियाँ
उठती हैं
मौन प्रार्थनाओं में।
ईश्वर सुनता है…
विवश होकर…
सुनना पड़ेगा उसे…
उसी ने तो चुना था
आपको मेरे लिए।

इन रचनाओं को भी पढ़ें
सफलता का मंत्र
प्रकृति और चंद्रिका
जब प्रकृति सजाती है धरती का श्रृंगार
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व
रहा न अब कोई छोह
हौसला
बंधुत्व का दीपक
मजबूरियाँ
बेटियां दो घर नहीं, दो पीढ़ियों को करती हैं रोशन
उम्मीदों का बोझ
मन का मौसम फिर है धानी
वसुंधरा
देखा एक ख़्वाब तो ये सिलसिले हुए…

One thought on “जीवन चक्र”

  1. आपकी कविता ने नानी की याद दिला दी, धन्यवाद और आपकों बधाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *