gulmohar

उम्मीदों का बोझ

पढ़ाई और करियर की अपेक्षाओं के दबाव में अपने भविष्य के बारे में सोचता भारतीय किशोर। उम्मीदों का बोझ – बच्चों के सपने और माता-पिता की अपेक्षाएँ

रेनु गुप्ता, जयपुर

मैं सुबह-सवेरे अपने घर के सामने बगीचे में अपने हरे-भरे पौधों को पानी दे रही थी कि तभी मेरा गेट खटका। उसमें से कुछ नौजवान मेरे बगीचे में घुसे और सभी ने मुस्कुराते हुए मुझे नमस्ते करते हुए मेरे पैर छू लिए।

सवालिया निगाहों से मैं एक-एक को पहचानने की कोशिश कर ही रही थी कि तभी हँसती आँखों और अनोखी मासूमियत वाला एक युवक मुझसे बोला, “आंटी, मैं अंबरीश हूँ। आपने हमें नहीं पहचाना न? याद है, करीब पाँच साल पहले आपने हम सबको चंबल नदी के किनारे सिगरेट पीते हुए देखा था। वहाँ आपने हम सबको अपनी बातों से बहुत मोटिवेट किया था और हमारे पेरेंट्स के फोन नंबर लेकर उनसे बात की थी।”

मुझे कुछ-कुछ याद आने लगा था।

तभी अंबरीश फिर बोला, “आंटी, हम सब आपके बेहद थैंकफुल हैं कि आपने हमारे पेरेंट्स से बातें करके उनका मन बदल दिया और उन्होंने अपनी जिद छोड़कर हमें अपने मनचाहे फील्ड में जाने की इजाजत दे दी। हम सब बहुत अच्छे नंबरों से ग्रेजुएशन कर चुके हैं। हममें से कुछ तो पोस्ट ग्रेजुएशन भी कर चुके हैं। आज हम सब अपने-अपने फील्ड में बढ़िया मुकाम पर हैं। मैं जयपुर का एक स्थापित थिएटर आर्टिस्ट बन चुका हूँ। अभी पिछले महीने ही मुझे एक फिल्म का ऑफर मिला है और मैं आजकल उसकी शूटिंग में लगा हुआ हूँ।”

“अरे वाह बेटा, बहुत-बहुत मुबारकबाद! जीते रहो।”

तभी उनमें से एक अन्य नवयुवक बोल पड़ा, “आंटी, मैं वही युग हूँ, जो अपनी गर्लफ्रेंड के पीछे सुसाइड करने वाला था। आपकी बातों ने मुझमें जीने की इच्छा जगाई और उस दिन के बाद से मैंने कभी जान देने के बारे में नहीं सोचा। आज मैं आपकी दुआओं से आईआईटी पास इंजीनियर हूँ और आईआईएम करके एक नामचीन एमएनसी में कंसल्टेंट हूँ। जिस लड़की के पीछे मैं मरने जा रहा था, वह अब दोबारा मेरी गर्लफ्रेंड बन चुकी है।”

तभी एक अन्य नौजवान बोल पड़ा, “आंटी, मैं फिल्मों में कोरियोग्राफी करना चाहता था, लेकिन मुझे उनमें ओपनिंग नहीं मिल पाई। खैर, मुझे इस बात का अफसोस नहीं। मुझे बस यही सैटिस्फैक्शन है कि मैं अपना मनचाहा पैशन जी रहा हूँ। पिछले साल ही मैंने अपनी डांस अकेडमी खोली है और इस साल उसमें सत्तर एडमिशन हो चुके हैं। साथ ही मैं फिल्मों में आने के लिए भी हाथ-पैर मार रहा हूँ।”

तभी एक और नवयुवक बोला, “आंटी, आपको याद है, मैं गिटारिस्ट बनना चाहता था। गिटार मेरा पहला प्यार है। आपकी काउंसलिंग के बाद मेरे पेरेंट्स ने भी मुझे गिटार के फील्ड में जाने की परमिशन दे दी। आज मैं स्टेट लेवल के एक बैंड के साथ जुड़ा हुआ हूँ और अक्सर प्रोग्रामों में भाग लेता हूँ। मेरी पहचान शहर के एक टॉप गिटारिस्ट के तौर पर बन गई है। अगली बार जब भी मेरा प्रोग्राम कोटा में होगा, मैं आपको वहाँ जरूर बुलाऊँगा।”

“श्योर बेटा, मैं जरूर आऊँगी।”

सबसे आखिर में एक नवयुवक बोल पड़ा, “आंटी, मैं एक थ्री स्टार होटल में सूस शेफ बन चुका हूँ। बस कुछ ही सालों में अगले प्रमोशन के बाद मैं होटल का हेड शेफ बन जाऊँगा।”

“अरे वाह बेटा, वेरी वेल डन! किस शहर में हो आजकल?” मैंने उससे पूछा।

“आंटी, मैं फिलहाल जयपुर के मैरियट होटल में हूँ।”

“ओह… मैरियट होटल में? जयपुर में मेरी बेटी रहती है। वहाँ तो आना-जाना लगा ही रहता है। अगली बार मैं जब भी जयपुर जाऊँगी, बेटी-दामाद के साथ तुमसे मिलने और तुम्हारे हाथ की स्वादिष्ट डिशेज का लुत्फ उठाने तुम्हारे होटल जरूर-जरूर आऊँगी।”

“जरूर आइएगा आंटी। मुझे बेहद खुशी होगी।”

मैं उन सबको अपने ड्रॉइंग रूम में ले आई थी और उन्हें चाय-नाश्ता कराकर ही वापस भेजा।

उनसे मिलकर मन एक अनोखी तरावट से भर उठा था।

उनके जाने के बाद पाँच साल पुरानी यादों के बादल मुझे तर-बतर कर गए और मैं अतीत में खो गई।

उस दिन मैं कोटा, राजस्थान में कल-कल बहती चंबल नदी के रिवर फ्रंट पर बनी एक बेंच पर बैठी-बैठी अस्ताचलगामी भास्कर देवता के सुनहरे उजास में सूर्यास्त का अनुपम दृश्य बड़ी तन्मयता से निहार रही थी कि तभी मैंने देखा, मेरे ठीक सामने कुछ किशोर अपने-अपने हाथों में सिगरेट थामे बड़ी बेफिक्री से धुआँ उड़ा रहे थे।

यह देखकर मेरे भीतर की शिक्षिका और काउंसलर जाग उठी और अगले ही पल मैं उनके सामने थी।

“बेटा, आप लोग कहाँ पढ़ते हो?”

मेरी यह बात सुनकर सभी के चेहरों पर तनिक अप्रिय भाव उभर आए, लेकिन तभी उनमें से एक बेहद मासूम-सा दिखने वाला किशोर बोल पड़ा, “आंटी, हम कोटा के एक कोचिंग सेंटर में कोचिंग ले रहे हैं।”

“कोटा में? किस स्ट्रीम की तैयारी कर रहे हो बेटा, आप लोग?”

“आंटी, हम सब आईआईटी के एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं।”

“आईआईटी? ओह वाओ! फिर तो आप सब बड़े पढ़ाकू होगे। आईआईटी क्रैक करना हँसी-मजाक नहीं है।”

मेरे अंदर उनके बारे में जानने की उत्सुकता बढ़ती जा रही थी।

मैंने फिर उन सबकी तरफ अपना अगला सवाल उछाला, “बेटा, आप लोगों को नहीं लगता कि सिगरेट और आईआईटी का कोई मेल नहीं है? अभी अपनी कच्ची उम्र में सिगरेट की लत लगा लोगे तो दस बीमारियाँ लगा लोगे अपनी जान को। यह नहीं सोचते आप लोग?”

“सॉरी आंटी,” कहते हुए उस किशोर के चेहरे पर तनिक शर्मिंदगी के भाव आ गए और उसने अपनी सिगरेट बुझाकर फेंक दी, शायद मेरी उम्र का लिहाज करके। उसकी देखा-देखी अन्य सभी बच्चों ने भी अपनी-अपनी सिगरेट बुझाकर फेंक दी।

यह देखकर मन एक अबूझ सुकून से भर उठा। ‘हमारी नई पौध अभी भी खासी संस्कारी है।’ यह सोचते हुए मैंने उन पर अपना सवाल दागा, “बेटा, आपके पेरेंट्स ने कितनी उम्मीदों से आपको इतना खर्च करके कोटा पढ़ने भेजा है, लेकिन आप लोग इस तरह अपने-अपने पेरेंट्स के सपने कैसे पूरे करोगे?”

“आंटी, और हमारी उम्मीदें? उनका क्या? हम बच्चे हैं तो हमारी हसरतों की कोई वैल्यू नहीं?” वही मासूम-सा भोला बच्चा बेहद रोष से बोला।

मेरे भीतर की शिक्षिका अपने पूरे फॉर्म में आ गई और इस बार मैंने उनसे सवाल किया, “बच्चों, क्या आईआईटी क्रैक करना आपका सपना नहीं है?”

इस बार सभी बच्चे समवेत स्वर में बोल उठे, “नो वे… बिल्कुल नहीं।”

“तो फिर क्या करना चाहते हो जिंदगी में?”

मेरे इस प्रश्न के जवाब में वही हँसती हुई आँखों वाला भोला-भाला, सुदर्शन किशोर बोल पड़ा, “आंटी, मैं अंबरीश हूँ। मैं थिएटर करना चाहता हूँ। मैं बहुत बढ़िया एक्टिंग करता हूँ। मुझे स्कूल में बेस्ट एक्टर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड भी मिल चुका है, लेकिन मेरे मम्मा-पापा को एक्टिंग से सख्त चिढ़ है। मेरे पापा मुझे भी अपनी तरह इंजीनियर बनाना चाहते हैं। मैं क्या चाहता हूँ, उन्हें उसकी कतई परवाह नहीं।”

“सच कह रहे हो?”

“हाँ आंटी, एक्टिंग के साथ-साथ मैं पढ़ाई में भी बहुत अच्छा हूँ। मैथ्स और साइंस में हमेशा मेरे बहुत अच्छे मार्क्स आते हैं। इसलिए पेरेंट्स ने मुझे कोटा भेज दिया। मेरे मम्मा-पापा कहते हैं कि थिएटर में कोई फ्यूचर नहीं है। बहुत अनिश्चितता है। लेकिन आंटी, अब मैथ्स-साइंस से मेरा जी उचाट हो गया है। हर समय बस मेरे मन में ड्रामा ही ड्रामा चलता है। लेकिन मेरे मम्मा-पापा सुनने को तैयार नहीं।”

तभी वहाँ बैठा एक दूसरा किशोर बोल पड़ा, “मैं भी मैथ्स-साइंस में बहुत अच्छा हूँ, लेकिन मुझे डांसिंग का पैशन है। मुझे डांसिंग के अलावा कुछ अच्छा नहीं लगता। मुझे कोरियोग्राफर बनना है, लेकिन मेरे पेरेंट्स भी मुझे मेरी इच्छा के विरुद्ध आईआईटी भेजना चाहते हैं।”

“आंटी, मैं विनेश हूँ और कुकिंग मेरा पैशन है। मैं बोस्ट नहीं कर रहा, लेकिन मैं जो कुछ भी कुक करता हूँ, उसे खाकर सब लोग उँगलियाँ चाटते रह जाते हैं। मैं होटल मैनेजमेंट में डिग्री लेकर शेफ बनना चाहता हूँ, लेकिन मेरे पेरेंट्स कहते हैं कि पढ़-लिखकर बावर्ची ही बनना है तो इससे बढ़िया चाट का ठेला ही लगा लो। अब आप ही बताइए, क्या शेफ बनने की ख्वाहिश रखना जुर्म है?

ये मैथ्स-फिजिक्स में मेरा मन बिल्कुल नहीं लगता। बहुत फ्रस्ट्रेटेड फील करता हूँ। न तो इनकी पढ़ाई में मेरा मन लगता है, न रिजल्ट अच्छा आ रहा है। मुझे तो लगता है, मम्मा-पापा की मुझे इंजीनियर बनाने की जिद मुझे ले डूबेगी।”

तभी एक और किशोर ने मुझसे कहा, “आंटी, हम जितने बच्चे यहाँ बैठे हैं, सब अपने-अपने पेरेंट्स से बेहद दुखी हैं। हमारे पेरेंट्स को हमारी एंबिशन से कुछ लेना-देना नहीं। उन्हें तो बस हम पर अपनी इच्छा थोपनी है। हम सब अपने पेरेंट्स के रवैये से बेहद दुखी हैं। बस इसी लिए सिगरेट पीकर अपना गम गलत कर रहे थे। सॉरी आंटी। आप हमारी मम्मा जैसी हैं।”

तभी अपने चेहरे पर मायूसी ओढ़े, भूरी आँखों वाला एक किशोर बोला, “आंटी, अपने पेरेंट्स का यह रवैया देखकर कभी-कभी तो इच्छा होती है कि जान दे दूँ, लेकिन बस अपनी माँ का सोचकर रुक जाता हूँ। मुझे गिटार बजाना बहुत अच्छा लगता है। गिटार हाथ में लेते ही मैं जैसे दूसरी दुनिया में पहुँच जाता हूँ। लेकिन गिटार का नाम लेते ही मेरे पापा बिदक जाते हैं। वे तो मुझे बस किसी न किसी तरह आईआईटी में भेजना चाहते हैं।”

उसकी यह बात सुनकर ज़ेहन में धमाका हुआ। ‘इन बच्चों के मन में अपने-अपने पेरेंट्स के प्रति घोर असंतोष का लावा खदक रहा है। अगर इनमें से किसी ने भी कुछ गलत कदम उठा लिया तो मैं अपनी अंतरात्मा को क्या जवाब दूँगी?’

तभी अंबरीश एक अन्य किशोर की ओर इशारा करते हुए फिर बोल पड़ा, “आंटी, आंटी, ये युग है न। इसकी गर्लफ्रेंड ने स्पोर्ट्स में नेशनल लेवल चैंपियन बनने के बाद इसे धोखा दे दिया। वह पहले इसके पीछे पागल थी, लेकिन अब इसकी तरफ नजर उठाकर देखती तक नहीं। अब इससे बहुत रूडली बात करती है।”

युग से मैंने पूछा, “तुम किस फील्ड में जाना चाहते हो?”

वह बोला, “आंटी, मुझे तो इंजीनियर ही बनना है। जब तक पाखी से मेरी दोस्ती थी, मैं बहुत मन लगाकर स्टडीज करता था। लेकिन जब से वह मेरी जिंदगी से निकली है, मेरा मन स्टडीज से उचाट हो गया है। अब तो बस दिन-रात उसका खयाल ज़ेहन में आता है। सो, दिन-रात बस उसे याद करके बीतते हैं।”

मैंने उससे कहा, “बेटा, उसे अपनी जिंदगी में लौटाने की बस एक ही सूरत है। तुम अपनी जिंदगी में उससे बढ़िया मुकाम हासिल करो। तुम कुछ बढ़िया बन जाओगे तो वह तुम्हारे पास खिंची चली आएगी। मैं तुम्हें इस बात की गारंटी देती हूँ।”

“आंटी, मैंने एक बात तो आपको बताई ही नहीं। यह तो उसके पीछे आज सुबह स्लीपिंग पिल्स खाकर सुसाइड करने वाला था। वो तो मैंने इसे ऐन वक्त पर देख लिया। तो आज हम इसका मूड अच्छा करने के लिए इसे नदी किनारे पिकनिक पर ले आए।” अंबरीश ने मुझसे कहा।

मैं सन्न रह गई।

मैं अपनी शिक्षिका की भूमिका में आ गई थी और उन सबकी व्यथा-कथा सुनकर मैंने उन्हें सिगरेट छोड़ने के लिए बहुत मोटिवेट किया। फिर सबसे उनके पेरेंट्स के नंबर लिए। उनसे वायदा किया कि मैं उनके पेरेंट्स से बात करके उन्हें समझाऊँगी कि वे अपने बच्चों को अपनी मर्जी के मुताबिक करियर बनाने की स्वतंत्रता दें।

मैंने घर लौटकर उन सबके पेरेंट्स को फोन पर ही उनके बच्चों के घोर फ्रस्ट्रेशन के बारे में बताते हुए उन्हें जी-जान से समझाया कि अपने बच्चों पर अपनी उम्मीदों का बोझ थोपने के परिणाम बेहद भयावह हो सकते हैं। कल को इन बच्चों ने कोई आत्मघाती कदम उठा लिया तो कौन जिम्मेदार होगा?

मैं कई महीनों तक सब बच्चों के पेरेंट्स के टच में रही और उन्हें समझाती रही थी।

तभी आसमान में दूर कहीं बादलों की गड़गड़ाहट सुनकर मैं अतीत से वापस वर्तमान में लौटी थी।

उस वक्त मुझे एहसास न था कि उनके पेरेंट्स की मेरी काउंसलिंग उन बच्चों की जिंदगी में इतना बड़ा बदलाव ले आएगी।

अंतस में उन सभी नौनिहालों के हँसते-विहँसते, मगन चेहरे एक के बाद एक कौंध उठे और अपनी कामयाबी पर मेरा मन-मयूर झूम उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *