
चंद्रमती चतुर्वेदी, बस्ती (अयोध्याधाम)
कुसुमित डाली, पुष्पित लतिका, मंद पवन का गान।
नील गगन में छटा निराली, धरती का अभिमान।
मधुप गुंजन मनभावन लागे, कोकिल की मधुर तान,
प्रकृति सुंदरी रूप सजाकर, करती जग कल्याण।
स्वर्णिम किरणें लेकर सूरज, आया लेकर भोर।
ओस बूँद मोती बन चमके, दूबों के हर छोर।
नदिया की कलकल ध्वनि गूँजे, झरनों का संगीत,
पर्वत शिखरों पर मुस्काता, अनुपम जग का मीत।
हरित धरा पर चूनर ओढ़े, सरसों पीत सुहाय।
रंग-बिरंगे पंख पसारे, तितली उड़ती जाय।
सृष्टि-सृजन की अद्भुत रचना, देख हृदय हर्षाय,
प्रकृति चरण में शीश झुकाकर, मन आनंदित हो जाय।
अंतर्मन आलोकित होवे, मिटे हृदय अंधियार,
प्रकृति स्वयं ईश्वर की रचना, अनुपम और अपार।
जिसने इसका मान रखा है, उसका जीवन धाम,
कण-कण में भगवान विराजें, शत-शत मेरा प्रणाम।
इन रचनाओं को भी पढ़ें
सफलता का मंत्र
प्रकृति और चंद्रिका
जब प्रकृति सजाती है धरती का श्रृंगार
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व
रहा न अब कोई छोह
हौसला
बंधुत्व का दीपक
मजबूरियाँ
बेटियां दो घर नहीं, दो पीढ़ियों को करती हैं रोशन

आपकी रचना से प्रकृत्ति की अनुपम महक ,छटा बिखर रहीं हैं । वो अद्भुत है ,बधाई आपको।