
सीमा त्रिवेदी साज, नवी मुंबई
बरखा लिखती गीत पुरानी,
मन का मौसम फिर है धानी।
बंद खिड़कियों को जब खोला,
आकर कोई चुपके बोला।
हवा लाई प्रीत अनुरागी,
जैसे सोई दुनिया जागी।
गूँजे हिय में बात पुरानी,
मन का मौसम फिर है धानी।
नीले अंबर पर घन छाए,
ज्यों अवनी की वेणी खुल जाए।
पाजेबों-सी छम-छम बूँदें,
मनवा डोले, आँखें मूँदें।
आई खुशबू कुछ पहचानी,
मन का मौसम फिर है धानी।
भीगी-भीगी-सी हैं राहें,
फैलाए बैठी हैं बाँहें।
बूँदों ने कुछ रूप उकेरा,
चेहरा उसका था या मेरा।
अपनी धड़कन थी अनजानी,
मन का मौसम फिर है धानी।
धुंध ने मानो चेहरा खोया,
कौन हँसा है, कौन है रोया।
खोलूँ क्या चुप्पी के ताले,
याद बावरी कौन सँभाले।
छोड़ो अब हर बात पुरानी,
मन का मौसम फिर है धानी।
इन रचनाओं को भी पढ़ें
सफलता का मंत्र
प्रकृति और चंद्रिका
जब प्रकृति सजाती है धरती का श्रृंगार
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व
रहा न अब कोई छोह
हौसला
बंधुत्व का दीपक
मजबूरियाँ
बेटियां दो घर नहीं, दो पीढ़ियों को करती हैं रोशन
उम्मीदों का बोझ
मन का मौसम फिर है धानी
वसुंधरा
देखा एक ख़्वाब तो ये सिलसिले हुए…
