gulmohar

वसुंधरा

हरी-भरी धरती पर खड़ी स्त्री के आत्मनिर्माण और नई शुरुआत का प्रतीकात्मक दृश्य। अपने घावों की भूमि पर जब स्त्री हरियाली उगाती है, तब वह वसुंधरा बन जाती है।

मधु देवांगन

वसुंधरा

साहेब,

मैं,
बंजर बेजान भूमि पर
फिर से हरियाली बो रही हूँ,
जहाँ धूप ने हथेलियों को जला दिया था,
वहीं अब कोमल दूब-सी उग रही हूँ।
कजरा, गजरा और पाजेब के संग
धान की बाली हो रही हूँ,
श्रृंगार से अधिक
जीवन को उत्सव की तरह
स्वीकार कर रही हूँ।

सुनो,

मैं टूटी उम्मीदों को
फिर से अंजुरी में चुनकर,
बिखरे ख्वाबों से कल्पनाओं के बादल बुन,
वर्षा के आँसुओं-सी करुणा
और बिजली की कौंध के संग,
आकाश से झरती
रजत बूँद हो रही हूँ।

रोपे हैं मैंने सूखे बीजों को
अश्रुओं से सींचकर,
अब उनके भीतर पुनः
नवजीवन उगा रही हूँ।

दरकी हुई हृदय-भूमि को
अपने ही हाथों से सीकर,
दरारों में थोड़ी नमी
और बहुत-सा धैर्य भर,
बिखरे, चुभते काँटों को
एक-एक चुनकर,
मुरझाई गुलाब की कली से
अब उगता सूरजमुखी हो रही हूँ।

प्रेम को अपना शिशु-सा बनाकर,
दुःखों को सेमल के फूलों-सा खिलाकर,
संग ताल, सरोवर, नदियाँ समेटे
सागर में समाहित हो रही हूँ।

हाँ,

अब केवल
अपने घावों की भूमि नहीं,
उन पर उगती हरियाली हूँ।

देखो,

मैं,
धीरे-धीरे ही सही,
पर वसुंधरा हो रही हूँ।
इन रचनाओं को भी पढ़ें
सफलता का मंत्र
प्रकृति और चंद्रिका
जब प्रकृति सजाती है धरती का श्रृंगार
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व
रहा न अब कोई छोह
हौसला
बंधुत्व का दीपक
मजबूरियाँ
बेटियां दो घर नहीं, दो पीढ़ियों को करती हैं रोशन
उम्मीदों का बोझ
मन का मौसम फिर है धानी
वसुंधरा
देखा एक ख़्वाब तो ये सिलसिले हुए…

2 thoughts on “वसुंधरा”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *