कविता, चित्रकला और साहित्य के विविध आयामों में सक्रिय रचनात्मक व्यक्तित्व सुमिता नारवाल से खास बातचीत

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वायर न्यूज़, पुणे
ब्यावर में जन्मी, जोधपुर में पली-बढ़ीं और जयपुर को कर्मभूमि बनाने वाली इस रचनाकार की दुनिया कविता, चित्रकला और साहित्य से सजी है| ख्वाबों की दास्तां से शुरू हुई उनकी साहित्यिक यात्रा में इतिहास, संवेदना और कला का अनूठा संगम दिखाई देता है| प्रस्तुत है लाइव वॉयर न्यूज के संपादक सुरेश परिहार से उनके रचनात्मक सफर, उपलब्धियों और सपनों पर एक खास बातचीत.
प्रश्न : आपकी पैदाइश जोधपुर की है और वर्तमान में जयपुर आपकी कर्मभूमि है. इन दोनों शहरों की संस्कृति, इतिहास और परिवेश ने आपके व्यक्तित्व और लेखन को किस तरह प्रभावित किया है?
उत्तर : मेरी जन्मभूमि ब्यावर है और मेरी परवरिश जोधपुर में हुई है. मेरी कर्मभूमि जयपुर है. अतः जोधपुर और जयपुर, दोनों संस्कृतियों का मेरे व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण स्थान है. जिस तरह दुनिया में पूर्वी और पश्चिमी परिवेश विद्यमान है, वैसे ही राजस्थान में पूर्व में जयपुर और पश्चिम में जोधपुर शहर स्थित हैं. दोनों के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक परिवेश में बहुत अंतर है.

मारवाड़ रियासत, रिवायत, अपनायत, मेहमाननवाजी, रंग-बिरंगे पहनावे और मधुर बोली का प्रतीक है, तो दूसरी ओर ढूंढाड़ी संस्कृति मेलजोल और विविधता का संगम है. राजधानी होने के कारण जयपुर में विभिन्न संस्कृतियों का समावेश दिखाई देता है. यहां की खड़ी बोली में सबको अपना बना लेने का जादू है. इन दोनों संस्कृतियों का प्रभाव मेरे लेखन पर भी बराबर रहा है.
प्रश्न : आपने इतिहास विषय में स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है. इतिहास के अध्ययन ने आपकी कविता और रचनात्मक दृष्टि को किस तरह समृद्ध किया? क्या इतिहास की घटनाएं और पात्र कभी आपकी कविताओं का आधार बनते हैं?
उत्तर : इतिहास विषय मुझे सदैव आकर्षित, रोमांचित और प्रेरित करता रहा है. इतिहास केवल युद्धों और तारीखों का संग्रह नहीं है, बल्कि इसमें संस्कृति, जीवन, स्थापत्य, साहित्य और प्रेम भी समाहित हैं. जहांगीर का संगीत प्रेम, शाहजहां का स्थापत्य कला के प्रति आकर्षण और दारा शिकोह का साहित्य प्रेम जगजाहिर है. वहीं राणा कुंभा का कला प्रेम, जयसिंह का वास्तु-विज्ञान, अकबर-जोधा, बाजीराव-मस्तानी और राणा रत्नसिंह-पद्मिनी की प्रेम कहानियां मुझे सदैव जानने के लिए जिज्ञासु और लिखने के लिए प्रेरित करती हैं. भविष्य में मैं चाहूंगी कि मेरा ज्ञान इतना विस्तारित हो कि किसी ऐतिहासिक घटना या पात्र पर अपनी कलम चला सकूं.

प्रश्न : वर्ष 2024 में प्रकाशित आपकी पहली पुस्तक का शीर्षक बेहद भावपूर्ण है. इस पुस्तक के पीछे कौन-सी भावनाएं, अनुभव और विचार रहे? क्या इसमें आपकी निजी जिंदगी के अनुभवों की भी झलक मिलती है?
उत्तर : सन 2024 में प्रकाशित मेरी प्रथम पुस्तक ख्वाबों की दास्तां हर पहले एहसास की तरह खास है. इसे लिखने का अनुभव कुछ ऐसा रहा कि जैसे-जैसे जिंदगी सिखाती रही, एहसास कराती रही, मैं लिखती गई. इसके बाद भी इसमें कहीं जीवन की झलक उभर आए तो हां नहीं, तो ना भी नहीं कहा जा सकता.

प्रश्न : आप कविता लिखने के साथ चित्रकारी भी करती हैं. इन दोनों कलाओं में आपके लिए क्या समानता है? क्या कभी ऐसा हुआ कि कोई कविता चित्र बनकर उभरी हो या कोई चित्र कविता लिखने की प्रेरणा बना हो?
उत्तर : कविता और चित्रकारी, दोनों ही स्वयं को जानने का सबसे अच्छा जरिया हैं. दोनों ही जिंदगी के शोर-शराबे के बीच ठंडी हवा के साथ नदी का किनारा हैं, जहां कुछ ठहराव के साथ स्फूर्त होने का समय मिल जाता है, फिर से दौड़ में शामिल होने के लिए.अभी तक मैंने किसी कविता से प्रभावित होकर चित्र नहीं बनाया और न ही किसी चित्र से प्रेरणा लेकर कविता रची है. भविष्य में ऐसा होने की संभावना पूरी तरह नजर आती है, क्योंकि दोनों ही मुझे आकर्षित करते हैं.

प्रश्न : आपने कई पुस्तकों के कवर डिजाइन किए हैं. गुजरात से प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका नारी अस्मिता के तीन अंकों में प्रकाशित कहानियों का रेखांकन भी आपने किया है. किसी रचना के भावों को चित्रों में उतारते समय आप किन बातों का विशेष ध्यान रखती हैं?
उत्तर : कवर पेज डिजाइन करते समय मैं हमेशा दिल और दिमाग में लेखक के नजरिए को ध्यान में रखती हूं. लिखते हुए लेखक क्या महसूस कर रहा होगा, उसके लिखने का उद्देश्य क्या होगा और वह पाठकों को क्या संदेश देना चाहता है, इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मैं किसी पुस्तक का आवरण चित्र और कहानियों के रेखांकन का कार्य करती हूं.

प्रश्न : वर्ष 2025 में पद्मश्री शीन क़़ाफ निज़ाम के हाथों मारवाड़ गौरव सम्मान और आगमन वैदूर्य सम्मान प्राप्त करना आपके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियां रही होंगी. इन सम्मानों ने आपके भीतर एक रचनाकार के रूप में किस तरह का आत्मविश्वास और जिम्मेदारी पैदा की?
उत्तर : सन 2025 में पद्मश्री शीन क़़ाफ निज़ाम के हाथों मारवाड़ गौरव सम्मान और आगमन वैदूर्य सम्मान प्राप्त करने के बाद मेरे भीतर का रचनाकार आत्मविश्वास से भर गया. साथ ही जिम्मेदारी का अहसास भी हुआ. साहित्य के प्रति, पाठकों के प्रति और समाज के प्रति. लेखन के माध्यम से मैं समाज को क्या लौटा सकती हूं, यह विचार भी मन में आया.
प्रश्न : आपने अर्चना त्यागी की पुस्तक सरहद पार सहित विभिन्न पुस्तकों की समीक्षाएं लिखी हैं. आपके विचार में एक अच्छी पुस्तक समीक्षा की सबसे बड़ी कसौटी क्या होनी चाहिए? क्या समीक्षक को लेखक की भावनाओं से अलग रहकर अपनी स्वतंत्र दृष्टि रखनी चाहिए?
उत्तर : एक पुस्तक समीक्षा में सबसे जरूरी पहलू यह होता है कि समीक्षा पाठकों को उस पुस्तक की संपूर्णता बता दे, यानी पुस्तक के सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों पक्षों को उजागर करे. समीक्षक को लेखक से स्वतंत्र होकर एक पाठक की नजर से पुस्तक का समालोचनात्मक विवेचन प्रस्तुत करना चाहिए. समीक्षक लेखक और पाठक के मध्य की कड़ी होता है. उसे ऐसा सेतु बनाना चाहिए, जो दोनों को जोड़ सके.

प्रश्न : आपने बशीर बद्र साहब और नाना पाटेकर जैसी अलग-अलग क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों पर आलेख लिखे हैं. इन व्यक्तित्वों में ऐसा क्या था, जिसने आपको उन पर लिखने के लिए प्रेरित किया? क्या किसी व्यक्ति का व्यक्तित्व उसके रचनात्मक या सामाजिक योगदान से अलग भी कुछ कहता है?
उत्तर : बशीर बद्र साहब और नाना पाटेकर साहब, दोनों ही कला क्षेत्र से आते हैं. माध्यम भले ही अलग-अलग हों. बशीर साहब ने देश विभाजन का दंश झेला, फिर भी उनकी यह बात कि दुश्मनी जमकर करो लेकिन आंख मिलाने की गुंजाइश बाकी रहे , उन्हें सबसे अलग बनाती है.
वहीं नाना पाटेकर साहब की शख्सियत में सादगी और बेबाकी का जो झोंका है, वह आज के जमाने में ठंडी बयार जैसा है.व्यक्तिगत रूप से मेरा मानना है कि व्यक्ति का व्यक्तित्व उसके रचनात्मक या सामाजिक योगदान से अलग भी होता है. उसका रचनात्मक पहलू जगजाहिर होता है, फिर भी वह सबसे पहले एक इंसान है.
प्रश्न : आप हमारा मेट्रो अखबार से निरंतर जुड़ी हैं और साहित्य टीवी पर स्वर कलाकार के रूप में रिपोर्टिंग तथा आलेख वाचन भी करती हैं. लेखन और वाचन के अनुभव में क्या अंतर महसूस करती हैं? क्या अपनी रचना को आवाज देने से उसके भाव और प्रभाव बदल जाते हैं?
उत्तर : लेखन और वाचन दो अलग-अलग विधाएं हैं. एक विस्तृत है, तो दूसरी सीमित. लेखन में बंधनमुक्त होकर लिखा जा सकता है, वहीं वाचन में लिखी हुई सामग्री को सही लय और ताल के साथ पढ़ा जाता है, जो एक दायरे में रहकर ही किया जा सकता है. अपनी रचना को आवाज देने से कई बार उसके भाव और प्रभाव बदल जाते हैं. ऐसा मैं मानती हूं.

प्रश्न : कविता, चित्रकला, रेखांकन, समीक्षा और आलेख लेखन के बीच आप अपनी मूल पहचान किस रूप में देखती हैं? आने वाले समय में कौन-सी ऐसी साहित्यिक या कलात्मक परियोजना है, जिसे पूरा करने का आपका विशेष सपना है?
उत्तर : मुझे कला के सभी रूपों से प्यार है. मैं बंधनमुक्त होकर कार्य करना चाहती हूं, चाहे वह लेखन हो या रेखांकन. फिर भी पहचान के रूप में मैं एक अच्छी कवयित्री बनना चाहती हूं, जिसे सब जानें, पहचानें और सराहें. बस इतना-सा ख्वाब है मेरा. जल्द ही दूसरी पुस्तक के प्रकाशन का कार्य करना है.
इन इंटरव्यू को भी पढ़िए
“मेरे भीतर अभी बहुत कुछ बाक़ी है” : किश्वर अंजुम
शब्दों से सपनों तक का सफर
रंगों में लोक, शब्दों में जीवन
डॉ. अनामिका दूबे ‘निधि’ : शब्दों से जीवन संवारने वाली
दहलीज से साहित्य शिखर तक
शब्दों की विहांगी : नीलम पेड़ीवाल
मधु मिश्रा : संवेदना की लेखिका
रीता मिश्रा तिवारी : शब्दों की साधिका
रुचि अग्रवाल : खामोश सपनों से बुलंदी का सफर
मौसमी चंद्रा: एक उर्जावान और संवेदनशील रचनाकार
एक लेखिका, एक मार्गदर्शक: विजया डालमिया
