रीमा राय सिंह के संयोजन में 51 रचनाकारों ने प्रस्तुत कीं विविध विधाओं की रचनाएं, साहित्यिक एकजुटता का दिखा अनूठा दृश्य।
राष्ट्रीय कवि संगम महाराष्ट्र प्रांत का भव्य आयोजन, संस्थापक स्वर्गीय जगदीश मित्तल की स्मृति एवं जन्मजयंती पर कवियों ने दी काव्यांजलि

मुंबई से डॉ.अनामिका दुबे की रिपोर्ट
वसई। राष्ट्रीय कवि संगम, महाराष्ट्र प्रांत की ओर से संस्था के संस्थापक स्वर्गीय श्री जगदीश मित्तल की पावन स्मृति एवं जन्मजयंती के अवसर पर विशेष कवि सम्मेलन ‘काव्यांजलि’ का भव्य आयोजन किया गया। महाराष्ट्र प्रांत की अध्यक्ष रीमा राय सिंह के नेतृत्व, परिकल्पना और संयोजन में रीजेंसी बैंक्वेट, वसई (पूर्व) में आयोजित इस साहित्यिक समारोह में 51 रचनाकारों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा सभागृह कविता, गीत, ग़ज़ल, हास्य और संवेदनाओं के रंगों से सराबोर हो उठा।

दोपहर लगभग 3 बजे प्रारंभ हुआ यह आयोजन रात 9:30 बजे तक अनवरत चलता रहा। सात घंटे से अधिक समय तक चले इस काव्य समारोह में रचनाकारों ने अपनी विविध विधाओं की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर किया। 51 कवियों की सहभागिता वाला यह आयोजन साहित्यिक एकजुटता और रचनात्मक ऊर्जा का सुंदर उदाहरण बना।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व दूरदर्शन अधिकारी, लेखिका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात लोक गायिका डॉ. शैलेश श्रीवास्तव ने की। सुप्रसिद्ध हास्य कवि एवं गीतकार महेश दुबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. ओमप्रकाश दुबे ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि महेश दुबे ने अपने विशिष्ट हास्य अंदाज के साथ संवेदनशील और भावपूर्ण काव्य प्रस्तुतियां दीं। उनकी रचनाओं ने सभागृह में कभी हंसी की फुहारें बिखेरीं तो कभी श्रोताओं को भावुक कर दिया। उनकी प्रस्तुति के समापन पर उपस्थित श्रोताओं ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्टैंडिंग ओवेशन दिया। वहीं, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शैलेश श्रीवास्तव की मधुर वाणी और प्रभावशाली अध्यक्षीय उद्बोधन ने आयोजन को गरिमामय समापन प्रदान किया।
राष्ट्रीय कवि संगम, महाराष्ट्र प्रांत की ओर से साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार देने तथा नए और वरिष्ठ रचनाकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के प्रयास इस आयोजन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षक देवेंद्र तिवारी, गुलशन मदान, नवीन चतुर्वेदी एवं डॉ. कनकलता तिवारी सहित अनेक साहित्यकारों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन अभिनेता एवं निर्देशक रवि यादव ने किया। उनके साथ सीमा त्रिवेदी और अर्चना झा ने भी मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। तीनों के सहज, प्रभावशाली और आत्मीय संचालन ने लंबे समय तक चले इस आयोजन को निरंतर रोचक और जीवंत बनाए रखा।
इस साहित्यिक संध्या में अभिनेता आशुतोष सिंह, अंजनी द्विवेदी, राजू मिश्र, लक्ष्मी यादव, वीनू त्रिपाठी, बिट्टू जैन, संजय रोकड़े, कल्पना उबाले, सरोज गजरे, सुनंदा गिरी, डॉ. अनामिका दुबे, नूतन राय, कल्पना देशमुख, कविता झा, हीरालाल यादव, कमर हाजीपुरी, निमेष कुमार, शिव त्रिपाठी, हरिशंकर त्रिपाठी, रश्मि तिवारी, रम्या तिवारी, कल्पना पांडे, प्रसाद साल्वी, ओमप्रकाश तिवारी, डॉ. विनय उपाध्याय, जयमाला राय, रश्मि कुमार, अंबिका झा, शिवप्रकाश जमदग्निपुरी, माया मेहता, श्रीकृष्ण कालकर, शशिकला कालकर, अंजली जैन, सौरभ सिंह, किरण तिवारी, कल्पना महापुस्कर, अर्चना वर्मा सिंह एवं विपुल मौर्य सहित 51 रचनाकारों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से आयोजन को यादगार बनाया।
राष्ट्रीय कवि संगम, महाराष्ट्र प्रांत की पूरी टीम, नवी मुंबई इकाई, साहित्यप्रेमी विजय इंगले तथा सभी अतिथियों, कवियों, कवयित्रियों और साहित्यप्रेमियों की सक्रिय सहभागिता ने ‘काव्यांजलि’ को एक सफल और यादगार साहित्यिक आयोजन बना दिया। स्वर्गीय जगदीश मित्तल की स्मृति को समर्पित यह आयोजन साहित्य के प्रति समर्पण, रचनाकारों के सम्मान और काव्य परंपरा को आगे बढ़ाने की सार्थक पहल के रूप में याद किया जाएगा।
