साहित्य, कविता और रेखांकन के साथ सपनों को साकार करने की कहानी स्वयं सुमिता नारवाल की जुबानी

सुमिता नारवाल, जयपुर
साहित्य और रेखांकन बचपन से ही मेरे जीवन का हिस्सा रहे हैं. किताबों से मेरा रिश्ता जितना गहरा था, उतना ही लगाव कागज पर उभरती रेखाओं और आकृतियों से भी था. रवींद्रनाथ टैगोर, शरतचंद्र चट्टोपाध्याय, मन्नू भंडारी, मैत्रेयी पुष्पा, ममता कालिया और महाश्वेता देवी जैसे साहित्यकारों को पढ़ते हुए मेरे भीतर भी कुछ लिखने की इच्छा जन्म लेने लगी. उपन्यासों और कहानियों की दुनिया से गुजरते हुए मैंने कविता लिखना शुरू किया.
स्कूल और कॉलेज की प्रतियोगिताओं में भाग लेना और अपनी रचनाओं को सबके सामने प्रस्तुत करना मेरे लिए केवल एक शौक नहीं, बल्कि जीवन का पहला उद्देश्य बन गया था. लिखने और अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त करने का यह सिलसिला धीरे-धीरे मेरी पहचान का हिस्सा बनता गया.
फिर आया वर्ष 2024, जिसने मेरे इस सफर को एक नई पहचान दी. मेरा वर्षों पुराना सपना पुस्तक के रूप में साकार हुआ. मेरी लिखी कविताएं अब एक किताब के रूप में पाठकों के हाथों में थीं. उस पल ऐसा लगा, जैसे मेरे अरमानों को सचमुच पंख मिल गए हों.
वर्ष 2025 मेरे लिए एक और यादगार अनुभव लेकर आया. मारवाड़ सोसाइटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में इस बार 21 कवयित्रियों को सम्मानित किया जाना था और इस सूची में मेरा नाम भी शामिल था. 15 जून 2025 को पद्मश्री शीन क़़ाफ निज़ाम के हाथों मारवाड़ गौरव सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए बेहद सुखद और गौरवपूर्ण क्षण था. यह सम्मान मेरे लेखन के प्रति मिले प्रोत्साहन के साथ-साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी बना.
लेकिन इस समारोह ने मुझे एक और अनमोल सौगात दी. यहीं मेरी मुलाकात साहित्यकार एवं कवयित्री अर्चना त्यागी जी से हुई. बातचीत के दौरान उन्होंने मेरी दूसरी प्रतिभा यानी रेखांकन को देखा और उसकी सराहना की. उन्होंने मेरी इस कला को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से अपनी पुस्तक सरहद पार के आवरण चित्रण का प्रस्ताव रखा.
उनका यह विश्वास मेरे लिए अप्रत्याशित भी था और प्रेरणादायक भी. किसी साहित्यकार का अपनी पुस्तक के आवरण की जिम्मेदारी देना मेरे लिए अपनी कला पर भरोसा जताने जैसा था. इस प्रस्ताव ने मेरे भीतर एक नया आत्मविश्वास जगाया.
जब सरहद पार प्रकाशित होकर पाठकों के सामने आई और उस पर मेरा बनाया आवरण चित्र दिखाई दिया, तो यह अनुभव मेरे लिए विशेष बन गया. इसके बाद अर्चना जी के लेखन और मेरे रेखांकन का रचनात्मक जुड़ाव आगे बढ़ता गया. उनकी पुस्तकों के साथ-साथ मुझे अपनी कला को नए विषयों और नए रूपों में प्रस्तुत करने के अवसर मिलने लगे.

इसी क्रम में मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर की त्रैमासिक पत्रिका नारी अस्मिता के जून-जुलाई-अगस्त अंक की सभी कहानियों का रेखांकन करने का अवसर मिला. यह काम मेरे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा. कहानियों को पढ़कर उनके भाव, पात्रों और परिस्थितियों को रेखाओं के माध्यम से अभिव्यक्त करना एक अलग तरह का रचनात्मक अनुभव था.

आज अर्चना त्यागी जी की दसवीं पुस्तक और बाल साहित्य की दूसरी पुस्तक अमर फल के प्रकाशन के अवसर पर मैं विशेष रूप से प्रसन्न हूं. उनकी तीसरी पुस्तक के लिए मेरे द्वारा बनाया गया आवरण चित्र भी इस रचनात्मक यात्रा की एक सुंदर कड़ी है. यह मेरे लिए केवल चित्र बनाने का काम नहीं, बल्कि एक साहित्यकार के विश्वास और अपनी कला के प्रति बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक है.
पीछे मुड़कर देखती हूं तो महसूस होता है कि बचपन में किताबों के पन्नों पर शुरू हुआ सफर आज शब्दों और रेखाओं के सुंदर संगम तक पहुंच गया है. कविता ने मुझे अपने मन की बात कहने का माध्यम दिया और रेखांकन ने उन भावों को आकार देने की दृष्टि. इन दोनों ने मिलकर मेरी एक अलग रचनात्मक पहचान बनाई है.
मेरे लिए यह यात्रा अभी समाप्त नहीं हुई है. हर नई पुस्तक, हर नया चित्र और हर नया अनुभव मुझे कुछ नया सीखने और रचने की प्रेरणा देता है. शायद यही रचनात्मकता की सबसे बड़ी खूबसूरती है कि इसमें मंजिल से अधिक आनंद सफर में मिलता है.
मेरी रचनात्मक यात्रा से जुड़ी पुस्तकें एवं कार्य
सरहद पार
राहें भी निकलती हैं पर्वत से
नारी अस्मिता (अंतरराष्ट्रीय त्रैमासिक पत्रिका)
अमर फल (बाल कहानी संग्रह)

Live wire news और सम्पादक सुरेश जी का दिल से आभार