
कल्पना पांडेय
तुम्हारी नादानियाँ, तुम्हारी निशानियाँ
अब भी बेचैन करती हैं।
दरवाज़े पर बड़ा ताम-झाम था तुम्हारे।
क्यों सजा रखे हैं कागज़ के फूल?
कहीं देखी है दरवाज़े पर किसी के घर बिल्ली?
मेहमानों का वही स्वागत करती है।
और गणेश की कृपा बनी रहे का बोर्ड
क्यों लगाया है
जूते-चप्पलों की दराज़ पर?
दरवाज़े पर तुम्हारे पति का नाम भी देखा।
सुंदर लिखा है, लिखा भी तो तुमने है।
घर में घुसते ही पूछ बैठी तुम — क्या लोगे?
बस, यही सवाल था?
हाल ही पूछ लेती।
भला क्या दे सकती हो?
मांगने पर उतरा तो कहीं तुमसे
तुमको ही न माँग बैठूँ?
मुझे चाहिए
तुमसे, एक-एक पल का हिसाब।
पता है,
तुम वह आज भी न दे सकोगी।
सुंदर तो तुम आज भी उतनी ही हो,
निखर गई कहूँ तो गलत नहीं।
तुम्हारा भी खूब है।
गुस्सा करना था तुम पर, फिर से मैं हार गया।
मन भर सुनाने आया था,
जली-कटी बातें, और तुमने चाय पूछ ली।
एक कटाक्ष तो करने देती।
पर उतना भी करने न दिया तुमने।
और तुम,
लगातार अपने पति की बातें
करती रही, हँसती रही।
जा रहा हूँ, अब इतना ही बता दो,
क्यों तुम्हें दरवाज़े पर देखते ही
आँख भर आई?
क्यों बहते जा रहे ये आँसू,
जब भी तुमसे
ठहरकर मिलता हूँ?
गला रुंधा-रुंधा लग रहा है, क्यों?
पर तुम परेशान न होना।
यूँ भी तो कोई चलता नहीं दो कदम साथ,
और मैंने चाहा, ताउम्र का साथ।
वो ग़म कम था!
अब आज ये अलविदा कहना
सालता रहेगा।
एक और दर्द को मिली पनाह।
क्या-क्या ख़ाक होगा?
हर हूक की फूँक पर।
