gulmohar

झील के किनारे

: चाँदनी रात में झील के किनारे बैठी एक युवती का रोमांटिक दृश्य झील, चाँदनी और प्रेम की ख़ामोश अनुभूतियाँ।

शैली भारद्वाज, चित्तौड़गढ़

झील के किनारे,
तुमको बैठे देखा…
दिल में कुछ धीमा-सा,
एक तूफ़ान उठा।

झील में चाँद निहार रही थीं,
या वो चाँद तुम्हें ही तकता था।
बिखरी लट सँभाले,
उड़ता पल्लू सँवार रही थीं।

नभ में रजत चाँदनी बिखरी थी,
रूप तुम्हारा दमक रहा था।
चाँद का नूर बरस-बरसकर,
मेरा मन भरमाता था।

पलकों के शामियाने,
आँखों को ढाँपे थे।
काजल की रेखाओं ने,
गहरे सागर बाँधे थे।

रेत पर अँगुली से,
दिल बनाकर…
लिखे तुमने,
प्रेम के शब्द नए।

प्रीत जगाकर,
नेह छलकाकर…
गुनगुनाई एक ग़ज़ल सुहानी।
कुछ अहसासों की सरगम,
मन के तारों को छेड़ गई।

गेसुओं के घने साये में,
झील-सी तुम लगने लगीं…
मेरे राज़ मुझी से कहकर,
खुद में ही सिमटने लगीं।

झील, चाँद और तुम,
बस यही आलम रहा।
धड़कनों ने मोहब्बत लिखी,
लब ख़ामोश ग़ज़ल कहते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *