सफेद-केसरिया वेशभूषा में श्रद्धालुओं ने निकाला भव्य चल समारोह

सुरेश परिहार, संपादक, पुणे
महिदपुर रोड।
भगवान महावीर स्वामी जी के जन्म कल्याणक के स्वर्णिम अवसर पर चैत्र सुदी तेरस, मंगलवार को महिदपुर रोड नगर में सकल जैन श्री संघ द्वारा भव्य चल समारोह जुलूस निकाला गया। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम बना, जिसमें पूरा नगर भगवान महावीर के जयकारों से गूंजायमान हो उठा।

सुबह 9:00 बजे श्री राजेंद्र सुरि ज्ञान मंदिर से परमात्मा के गगनभेदी जयकारों के साथ चल समारोह का शुभारंभ हुआ। जुलूस में सुमधुर बैंड, ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच वैदी जी में बाल रूप में विराजमान परमात्मा भगवान महावीर स्वामी जी की मनमोहक झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

साथ ही पुण्य सम्राट एवं गुरुदेव का रमणीय रथ भी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण बना।चल समारोह में सैकड़ों श्रावक-श्राविकाएं सफेद एवं केसरिया परिधानों में सुसज्जित होकर परमात्मा की जय-जयकार करते हुए शामिल हुए। विशेष रूप से तरुण युवाओं ने भक्ति में डूबकर “कुंडलपुर में बधाई”, “वीर भज ले रे भाया” जैसे भजनों पर नृत्य एवं गरबा प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

नगर के विभिन्न स्थानों पर समाजजनों सहित पोरवाल, सिख एवं अन्य समाजों द्वारा चल समारोह का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह परमात्मा की मंगल गहुली कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान सभी समाजजन एक-दूसरे को प्रभु जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते नजर आए।लगभग दो घंटे तक नगर के प्रमुख मार्गों का परिभ्रमण करने के पश्चात जुलूस श्री सुविधिनाथ जैन मंदिर पहुंचा, जहां परमात्मा एवं गुरुदेव की मंगल आरती समाज के प्रमुख महानुभावों द्वारा चढ़ावे का लाभ
लेकर की गई।

इसके पश्चात सकल जैन श्री संघ एवं आगंतुक महानुभावों के लिए जैन धर्मशाला में साधार्मिक वात्सल्य का आयोजन किया गया। दोपहर 1:30 बजे अखिल भारतीय महिला परिषद, महिदपुर रोड द्वारा भगवान महावीर जन्म कल्याणक महापूजन का भव्य आयोजन किया गया। लगभग दो घंटे तक चले इस पूजन में सुमधुर भक्ति गीतों एवं संस्कृत श्लोकों के माध्यम से विधि-विधानपूर्वक पूजा संपन्न हुई। रात्रि में पाठशाला के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, साथ ही “एक शाम प्रभु महावीर के नाम” भक्ति संध्या एवं महाआरती का आयोजन कर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया गया।

इस मंगलमय अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दिनेश जैन बौस, जैन श्री संघ अध्यक्ष अजय चोरड़िया, नवयुवक मंडल, महिला मंडल, बहु मंडल, तरुण एवं बालिका परिषद सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और पुण्य लाभ प्राप्त किया। उक्त जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी द्वारा दी गई।
ये खबरें भी पढ़ें–
महिदपुर रोड की बेटी आकांक्षा शर्मा का परचम
डॉ. प्रभु चौधरी के निधन से साइलेंट अटैक पर बढ़ी चिंता
शाबाश… श्वेता
महिदपुर रोड की बहू बनी हाईकोर्ट एडवोकेट, चुनौतियों को हराकर लिखी सफलता की कहानी
