
सुरेश परिहार, पुणे
हर साल करोड़ों रुपये मंदिरों में चढ़ते हैं। सोने के मुकुट, चाँदी के छत्र, हीरे-जवाहरात, नकदी के ढेर. फिर किसी दिन खबर आती है कि मंदिर का दानपात्र टूट गया, लाखों का चढ़ावा चोरी हो गया।तब बड़ा दुख होता है। लेकिन एक सवाल मन में उठता है. क्या भगवान को सचमुच इतने रुपयों की ज़रूरत थी, या उनके ही किसी भूखे, असहाय और लाचार भक्त को?
जिस बूढ़ी माँ के बैंक खाते में केवल 27 रुपए बचे हों, जिसके लिए 1000 रुपए की पेंशन जीवन और मृत्यु के बीच का सहारा हो, क्या उसकी मदद करना किसी भी चढ़ावे से छोटा पुण्य है?
हम भगवान को प्रसन्न करने के लिए मंदिर में हजारों रुपये चढ़ा आते हैं। लेकिन उसी मंदिर से बाहर बैठी बुजुर्ग माँ, किसी विधवा की सूनी आँखें या किसी गरीब बच्चे की खाली थाली शायद हमारी नज़र से ओझल रह जाती है।
अजीब विडंबना है।
पत्थर की मूर्ति पर दूध चढ़ाते समय हाथ नहीं काँपते, लेकिन किसी गरीब के हाथ में दवा के पैसे रखते समय जेब भारी लगने लगती है। हम भूल जाते हैं कि सनातन परंपरा ने केवल देव-पूजा ही नहीं, ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का संदेश भी दिया है। भूखे को भोजन, बीमार को दवा, असहाय को सहारा और निराश को उम्मीद देना भी उतना ही बड़ा धर्म है, जितना मंदिर में दीप जलाना। कल्पना कीजिए, अगर मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले करोड़ों रुपयों का एक छोटा-सा हिस्सा भी आसपास के जरूरतमंद बुजुर्गों, विधवाओं, अनाथ बच्चों और गरीब परिवारों तक पहुँचे, तो शायद कई घरों में भगवान स्वयं मुस्कुरा उठें।
यह किसी की आस्था पर सवाल नहीं है। मंदिर जाएँ, पूजा करें, दान भी करें। लेकिन इतना ज़रूर सोचें कि भगवान को सबसे अधिक प्रसन्न क्या करेगा. सोने का मुकुट या किसी माँ की आँखों में लौट आई उम्मीद? शायद भगवान भी यही कहें-“मेरे मंदिर में चढ़ावा चढ़ाने से पहले, मेरे ही किसी भूखे, असहाय और पीड़ित रूप को पहचान लो। क्योंकि जहाँ करुणा है, वहीं मेरा सच्चा मंदिर है।”
इन रचनाओं को भी पढ़ें और अपनी राय अवश्य व्यक्त करें–
किताब दिल में, लैपटॉप हाथ में
“नारी केवल देह नहीं”
एक मध्यमवर्गीय की दास्तान
तुम लौट आओ…
तेरे खत
मन की आवाज़
रुह का रिश्ता
