gulmohar

मुन्ना से कीर्ति राणा-7

उज्जैन में पत्रकारिता का पहला दिन | एक यादगार संस्मरण महाकाल की नगरी उज्जैन में पत्रकारिता की नई पारी का यादगार पहला दिन.

महाकाल को ज्वाइनिंग और ऑफिस में पहली भिड़ंत !

suresh parihar editor

प्रस्तुति-सुरेश परिहार (कीर्ति राणा की पुस्तक “किस्से कलमगिरी के” से)

यह कहानी एक ऐसे जांबाज पत्रकार की है, जिसने अपनी पत्रकारिता में कामरेडी अंदाज कभी नही छोड़ा.. वह इंदौर का कल का मुन्ना..आज शहर नहीं देश का एक अच्छे पत्रकारों में शुमार है यह कहानी उसी की जुबानी है. मुन्ना कैसे पत्रकार कीर्ति राणा बना. घटना, देशकाल वातावरण सभी उन्हीं की पुस्तक किस्से कलमगिरी से लिए गए हैं. (कीर्ति राणा की किताब किस्से कलमगिरी के पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी. ऐसा मेरा विश्वास है)
पुस्तक का यह संपादित अंश है. पूरा आर्टिकल किस्से कलमगिरी के में है.

दूसरे शहर में तबादला हो तो पुराने शहर की यादें पीछा नहीं छोड़तीं. इंदौर से उज्जैन रवाना होते समय भी के.एल. सहगल का गीत बाबुल मोरा नैहर छूटो जाए… मन में गूँज रहा था. जिगरी दोस्त बॉबी बुंदेला की मारुति वैन में महेंद्र बापना, राजकुमार गुप्ता और मैं उज्जैन के लिए निकले थे.
सबसे पहले महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई. साथ में सामान से भरी अटैची भी थी. गर्भगृह के द्वार पर पुलिसकर्मी ने अटैची देखकर रोक दिया. मैं कुछ कहता, उससे पहले बॉबी ने पूरे रौब से कहा, दादा की उज्जैन पोस्टिंग हुई है, महाकाल को ज्वाइनिंग देने आए हैं.
बस, पुलिसकर्मी का व्यवहार बदल गया. उसने हाथ पकड़कर शिवलिंग के समीप पहुँचा दिया. मैंने आँखें बंद कर प्रार्थना की, प्रभु, सिंहस्थ तक मुझे अपने पास रख लेना. जैसा आपका नाम है, ऐसा मेरा भी करना. उसके बाद जहाँ चाहो भेज देना.
शायद यह प्रार्थना दिल की गहराई से निकली थी. आँखें नम हो गईं. आज भी महाकाल के दर्शन करते समय वही अनुभूति होती है.
दर्शन के बाद घड़ी वाला कॉम्प्लेक्स स्थित ऑफिस पहुँचा. साथियों में प्रसाद बाँटा और सबसे परिचय किया. सात दिन के लिए देवास रोड स्थित रेस्ट हाउस में कमरा बुक था.
17 दिसंबर 2001, सोमवार. उज्जैन में मेरा पहला कार्यदिवस
सुबह 10.30 बजे ऑफिस पहुँच गया. धीरेंद्र राय आए, लेकिन दो पुराने कर्मचारी अनूप शाह और विवेक चौरसिया गायब थे. इंदौर में साथियों ने पहले ही चेतावनी दी थी, उज्जैन में कोई ब्यूरो चीफ सालभर से ज्यादा टिकता नहीं.
धीरेंद्र ने बताया कि अनूप की तबीयत खराब है. आदत के मुताबिक कुछ फल खरीदे और उनका हाल जानने घर पहुँच गया. वे ड्रिप पर थे. विवेक के बारे में पता चला कि उन्होंने पारिवारिक कारणों से छुट्टी ली है.
शाम को खबरों और पेज की तैयारी में जुट गया. तभी कंप्यूटर इंचार्ज कमल शर्मा से पहली भिड़ंत हो गई.
ईद की खबर के साथ फोटोग्राफर शाहिद खान सैकड़ों लोगों के नमाज पढ़ते हुए पारंपरिक फोटो लाए थे. मैंने बच्चों के खरीदारी और खेलते हुए फोटो पसंद किए और कमल से कहा, इसे पाँच कॉलम में लगाओ. कमल ने ऊँची आवाज में जवाब दिया, नहीं, यही फोटो लगेगा. इतना बड़ा फोटो आज तक नहीं लगा. भाईसाब नाराज होंगे.
मैंने भी साफ कहा, पेज मैं लगवा रहा हूँ या भाईसाब? फोटो बदलो.
आखिरकार फोटो बदला और पेज समय से पहले छोड़ दिया गया.
अभी कमल के साथ मामला सुलझा ही था कि इंदौर से गर्ग साब का फोन आ गया. सवाल था, अनूप और विवेक आज क्यों नहीं आए? आपने बताया क्यों नहीं?
मैंने सहजता से कहा, पेज तो समय से पहले छोड़ दिया. अनूपजी की तबीयत खराब थी, मैं उन्हें देखने भी गया था. विवेक ने पारिवारिक कारण से छुट्टी ली थी.
कुछ देर बाद मेहताजी का फोन आया. उनकी शिकायत थी कि मैंने उन्हें इसकी जानकारी क्यों नहीं दी. मेरा जवाब था, भाईसाब, आपको बता देता तो क्या हो जाता? आप पेज लगवाने आ जाते क्या?
अगली सुबह दोनों कर्मचारी ऑफिस पहुँचे. आते ही बोले, भाईसाब ने रात में सब बता दिया. आपने हमारी नौकरी बचा ली. अगर गर्ग साब को हमारी चुगली कर दी होती तो हमारी नौकरी चली जाती.
उस दिन समझ आया कि नए शहर में पद से पहचान जरूर मिलती है, लेकिन भरोसा अपने व्यवहार से कमाना पड़ता है.
जिस कमल शर्मा से पहले दिन तीखी झड़प हुई थी, उसी के घर 31 दिसंबर की रात मैंने खाना खाया.
उज्जैन में मेरा पहला दिन कई सबक दे गया था. महाकाल से माँगी गई सिंहस्थ तक रुकने की मुराद के साथ एक और बात समझ आ गई थी. यहाँ टिकने के लिए सिर्फ खबरें नहीं, रिश्ते भी बनाने होंगे.

मुन्ना से कीर्ति राणा सीरीज के अन्य भागों को भी पढ़ें
मुन्ना से कीर्ति राणा-5
मुन्ना से कीर्ति राणा-4
मुन्ना से कीर्ति राणा -3
मुन्ना से कीर्ति राणा-2
मुन्ना से कीर्ति राणा-1

kirti rana

किस्से कलमगिरी के पुस्तक के मूल लेखक कीर्ति राणा (वरिष्ठ पत्रकार, इंदौर)

पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए सीख
पत्रकारिता में पद से ज्यादा महत्वपूर्ण आपका काम, किसी के संरक्षण से ज्यादा आपकी काबिलियत और तात्कालिक लाभ से ज्यादा आपका आत्मसम्मान है। विपरीत परिस्थितियों में धैर्य रखें, तथ्यों को समझें और निर्णय भावनाओं में नहीं, विवेक से लें। आपकी असली पहचान आपके काम और विश्वसनीयता से बनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *