gulmohar

हम भी कभी बेटियाँ थे

तीन पीढ़ियों की भारतीय महिलाओं के बीच माँ-बेटी का स्नेह और पारिवारिक अपनापन। माँओं से मिले संस्कार बेटियों के माध्यम से अगली पीढ़ी तक पहुँचते हैं।

डॉ. मधु आंधीवाल

कभी थे, पर वह एक मधुर सपना था। बचपन में सबसे छोटे, पर सबसे खोटे, क्योंकि सभी भाई-बहन बड़े थे। दो माँओं के बीच पले। एक बड़ी माँ (ताई) और एक जन्म देने वाली माँ। हमारी शैतानियों पर छोटी माँ की डाँट और बड़ी माँ का सुरक्षा चक्र, बिल्कुल सुदर्शन चक्र की तरह था, क्योंकि बड़ी माँ निःसंतान थीं। तब पूरा अधिकार हमारा था, क्योंकि हम सबसे छोटे थे। हर समस्या का हल तब हमें बड़े होने पर बहुत प्यार से उन संस्कारों को समझाना था, जिससे आगे जीवन में संघर्ष झेलने की आदत रहे।

अब जब शादी हुई, तो पता लगा कि माँ क्या होती है। उसने भी हमारी तरह झेला होगा। दोनों माँएँ कभी देवरानी-जेठानी जैसी लगी ही नहीं। कोई तेरा-मेरा उनके अंदर नहीं था, पर ससुराल तो उस घर जैसा नहीं था। दोनों ने हम बहनों के लिए कितने समझौते किए। बड़ी बहनों की अपेक्षा मेरी सारी जिद पूरी होती थी।

आज मेरी बेटियाँ भी जब आकर मुझसे कुछ शिकायत करती हैं, तब मैं भी अपनी माँओं की तरह समझाती हूँ। दोनों बेटियाँ कहती हैं, “माँ, आपको बड़ी नानी और छोटी नानी ने इतना मजबूत कैसे बना दिया?”

मैंने जैसे तुमको बनाया और अब तुम अपनी बेटी से भी कहती हो कि नानी की तरह बनो, तब वह बच्ची बोलती है, “मेरी नानी जैसी कोई नहीं।”

मन खुश हो जाता है। आँखों के सामने बचपन की यादें तैरने लगती हैं। लगता है जैसे मेरी दोनों माँओं का प्यार मेरे आस-पास है। उनकी दी हुई सीख मेरी दूसरी पीढ़ी तक पहुँच रही है।

सब माँ होती हैं, सब बेटियाँ और शायद यह ईश्वर का सबसे अनमोल रिश्ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *