
मंजु शर्मा मनस्विनी
बचपन बीत गया मेरी लाडो, सँकरी होती नेह गली।
लोक-जगत की रीति निभाने, लाडो अब ससुराल चली।।
बहना-भाई जैसा जग में, कोई और नहीं नाता।
लड़ना और झगड़ना हर पल, इनके संग-संग ही आता।
पापा जैसा नहीं जगत में, कोई भी लाड़ लड़ाता।
फूलों जैसा हमें सजाते, बना हृदय की पुष्प-कली।
लोक-जगत की रीति निभाने, लाडो अब ससुराल चली।।
माँ के आँचल की वह छैयाँ, अब तो छूटेगी बहना।
बाबुल का यह आँगन छूटे, पी की नगरी में है रहना।
सीख मिली जो माता-पिता से, उसको ही मन से गहना।
सदा महकती रहे पिया का घर, खुशियों से भरी डाली।
लोक-जगत की रीति निभाने, लाडो अब ससुराल चली।।
नया सफर है, नई डगर है, खुशियों से दामन भरना।
सास-ससुर को माता-पिता-सा, तुम सम्मानित नित करना।
कदम-कदम पर महके जीवन, कभी न दुख की आहें भरना।
सदा सुखों से रहे लबालब, जीवन की हर डाली।
लोक-जगत की रीति निभाने, लाडो अब ससुराल चली।
