स्वतंत्र अस्तित्व और अपनी शर्तों पर खिलने के साहस को सुंदर ढंग से अभिव्यक्त करती मौसमी चंद्रा की कविता

मौसमी चंद्रा, पटना
पेक्षित भूखंडों की छाती पर
उसने अपनी जड़ें कुछ इस तरह पसारी थीं,
जैसे अस्तित्व के लिए किसी की अनुमति आवश्यक न हो।
उसके फूलों में एक विचित्र सौम्यता थी,
हल्की गुलाबी, कहीं धवल आभा लिए हुए।
न कोई दर्प, न कोई दावेदारी,
केवल अपनी अल्पायु में ऋतुओं के सम्मुख खिलने का साहस।
लोगों ने उसके स्वभाव को बेहयाई कहा,
शायद उन्हें यह स्वीकार्य नहीं
कि कोई पुष्प बिना आमंत्रण, बिना प्रशस्ति
और बिना किसी प्रतिष्ठा के इतनी सहजता से खिल सकता है।
अजीब है!
इस दुनिया में फूल होने के लिए भी
कभी-कभी किसी की पसंद में शामिल होना पड़ता है।
और बेहया ने शायद इसी शर्त को मानने से इनकार कर दिया था।
