gulmohar

सात समंदर पार भी महकती है अपनी मिट्टी

सिंगापुर में पारंपरिक साड़ी पहने महिला छठ पूजा के दौरान डूबते सूर्य को अर्घ्य देती हुई सिंगापुर की धरती पर छठ की परंपरा निभाती मानसी। सात समंदर पार भी जीवित हैं अपनी मिट्टी के संस्कार।

डॉ. जूही समर्पिता

झारखंड के एक छोटे-से गाँव की पगडंडियों से शुरू हुआ मानसी का सफर सात समंदर पार सिंगापुर तक पहुँच जाएगा, यह शायद उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था।

एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मी मानसी के माता-पिता के पास बहुत अधिक धन-संपत्ति नहीं थी, लेकिन एक पूँजी जरूर थी—शिक्षा के प्रति अटूट विश्वास। उन्होंने अपनी बेटी को पढ़ाया, उसे कंप्यूटर की शिक्षा दिलाई और आत्मनिर्भर बनने का हौसला दिया। मानसी ने भी उस विश्वास को टूटने नहीं दिया। शिक्षा ने उसे न केवल नौकरी दी, बल्कि जीवन को अपनी शर्तों पर सँवारने का अवसर भी दिया।

इसी बीच उसका विवाह मानव से हुआ। मानव मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। नौकरी की परिस्थितियों और जीवन की यात्रा ने दोनों को सिंगापुर पहुँचा दिया। वहाँ मानसी को एक कंपनी में नौकरी मिल गई। धीरे-धीरे उसने अपनी गृहस्थी बसा ली। दो बेटियाँ हुईं। दोनों बेटियाँ अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में पढ़ती थीं। अंग्रेजी का प्रभाव इतना था कि वे अपने माता-पिता से भी अक्सर अंग्रेजी में ही बात करतीं। फिर भी मानसी ने घर में भारतीय संस्कारों और अपनी भाषा-संस्कृति का वातावरण बनाए रखा।

मानसी और मानव भले ही सिंगापुर में बस गए थे, लेकिन उनकी जड़ें आज भी झारखंड की उसी मिट्टी में थीं, जहाँ से उनके जीवन का सफर शुरू हुआ था। आदिवासी अंचल में बसे अपने माता-पिता से मिलने वे हर साल भारत जरूर आते। गाँव की हवा, त्योहारों की रौनक, रिश्तों की आत्मीयता और अपनी मिट्टी की सोंधी गंध उन्हें बार-बार अपनी ओर खींचती थी।

सिंगापुर में रहते हुए भी उन्होंने अपनी संस्कृति को कभी नहीं भुलाया था।

लेकिन पिछले वर्ष जीवन ने मानसी के सामने एक ऐसी चुनौती रख दी, जिसके लिए वह बिल्कुल तैयार नहीं थी। उसकी सास का निधन हो गया। घर की परंपराओं को निभाने और छठ व्रत करने का दायित्व अब मानसी के कंधों पर आ गया था।

छठ! केवल एक व्रत नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, पवित्रता और परिवार की परंपरा से जुड़ा एक महापर्व।

मानसी के लिए यह पहला अवसर था, जब उसे सिंगापुर में बिल्कुल अकेले छठ करना था। अब तक तो वह अपनी सास को पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से छठ करते देखती आई थी। ससुर भी हर कदम पर सास का सहयोग किया करते थे। इस बार वही ससुर वीडियो कॉल पर उसे छठ की एक-एक विधि समझा रहे थे।

किस दिन क्या करना है, कौन-सी सामग्री चाहिए, सूप कैसे सजाना है, अर्घ्य कैसे देना है—वे सब बताते जा रहे थे और मानसी ध्यान से सुनती जा रही थी।

उसने भी कमर कस ली।

सूप, फल, नारियल, केला, दूध, जल, कलश और पूजा की अन्य सामग्री—जो कुछ संभव हुआ, वह सिंगापुर के लिटिल इंडिया बाजार से खरीद लाई। बिहार-झारखंड एसोसिएशन से संपर्क किया और सामूहिक छठ पूजा में शामिल होने का निर्णय लिया।

छठ का दिन आ गया।

मानसी ने बनारसी साड़ी पहनी। माथे पर टीका, नाक में नथिया और माँग में सिंदूर सजाया। दोनों बेटियों को भी सुंदर पारंपरिक कपड़े पहनाए। सात समंदर पार बसे उस शहर में आज उसका मन अपने गाँव के छठ घाट पर पहुँच गया था।

निर्जला व्रत की थकान के बावजूद उसके चेहरे पर अद्भुत तेज था।

वह घाट पर पहुँची। चारों ओर व्रतियों की भीड़ थी। कोई सूप सजा रहा था, कोई फल व्यवस्थित कर रहा था, कहीं छठ के गीत गूँज रहे थे। सिंगापुर की धरती पर बिहार और झारखंड की संस्कृति का एक छोटा-सा संसार साकार हो उठा था।

मानसी जल में उतरकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की प्रतीक्षा करने लगी।

लेकिन उसके मन में एक छोटी-सी चिंता लगातार सिर उठा रही थी।

आज उसके पास सास तो थीं नहीं। वह कौन होगा, जो उसकी नाक पर सिंदूर लगाएगा? कौन उसके हाथों में आलता (आइपन) लगाएगा? कौन आँचल ठीक करके उसके हाथ में सूप थमाएगा?

मानव साथ थे, लेकिन वे भी थोड़े संकोची और कम बोलने वाले स्वभाव के थे। उन्हें छठ की सारी विधियाँ मालूम नहीं थीं।

मानसी मन ही मन सोच रही थी—काश! आज यहाँ भी कोई अपना होता।

शायद छठी मैया ने उसके मन की पुकार सुन ली थी।

अचानक न जाने कहाँ से एक महिला उसके सामने आकर खड़ी हो गई। वह भी झारखंड की ही रहने वाली थी। सिंगापुर में रहकर वह भी शायद अपनेपन की तलाश में थी। उसने मानसी को देखा और हल्की-सी मुस्कान के साथ धीरे से पूछा—

“क्या मैं आपको अर्घ्य दिला सकती हूँ?”

मानसी ने आश्चर्य से उसकी ओर देखा। आँखों में जैसे अचानक चमक आ गई।

“जी, बिल्कुल!”

अर्घ्य देने का समय हो गया था। मानव ने सूप उठाकर मानसी के हाथों में देना चाहा, लेकिन उस अपरिचित महिला ने बड़े अपनत्व से उन्हें रोकते हुए कहा—

“जरा ठहरिए भाई साहब! पहले मुझे इसकी नाक पर सिंदूर लगाने दीजिए। हाथों में आलता लगाए बिना सूप कैसे पकड़ाएँगे? कुछ रीति-रिवाज भी तो होते हैं!”

उसके स्वर में अधिकार भी था और अपनापन भी।

उसने मानसी की माँग में सिंदूर ठीक किया, नाक पर सिंदूर लगाया, हाथों में आलता लगाया। थोड़े-से अक्षत और फूल आँचल में रखे। फिर दोनों हाथों से मानसी को फलों से भरा सूप थमाया।

उस क्षण मानसी की आँखें भर आईं।

उसे लगा, कुछ रिश्ते खून से नहीं बनते, कुछ रिश्ते भाषा, संस्कृति और संवेदना से बनते हैं। कुछ परंपराएँ ऐसी होती हैं, जिन्हें केवल निभाया नहीं जाता, महसूस भी किया जाता है।

और कुछ बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें शायद एक स्त्री ही दूसरी स्त्री के मन से समझ सकती है।

उस अपरिचित महिला ने फिर छठ के गीत गाने शुरू किए। पूरे विधि-विधान से मानसी को अर्घ्य दिलवाया। सिंगापुर के उस घाट पर मानसी के लिए वह महिला अब अपरिचित नहीं रह गई थी। वह जैसे उसकी सास का स्नेह, उसकी माँ का आशीर्वाद और उसकी अपनी मिट्टी की खुशबू लेकर आई थी।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते समय मानसी के मन में एक अनोखी शांति थी।

पूजा पूरी हुई। उसने डबडबाई आँखों से उस महिला को देखा और दोनों हाथ जोड़कर धन्यवाद दिया।

फिर अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी उसे सप्रेम आमंत्रित किया।

उस रात मानसी देर तक सोचती रही।

झारखंड के एक छोटे-से गाँव से शुरू हुई उसकी यात्रा आज सिंगापुर तक पहुँच चुकी थी। शिक्षा ने उसे आत्मनिर्भर बनाया, समय ने उसे दुनिया के दूसरे छोर तक पहुँचा दिया, लेकिन उसकी मिट्टी ने उसे कभी अपने से दूर नहीं होने दिया।

उसने महसूस किया कि सात समंदर पार भी हमारी संस्कृति हमारा हाथ थामे रहती है। कभी किसी गीत के रूप में, कभी किसी परंपरा के रूप में और कभी किसी बिल्कुल अनजान स्त्री के रूप में, जो अचानक आकर अपनी बन जाती है।

सचमुच, छठ केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं है। यह रिश्तों को जोड़ने, परंपराओं को जीवित रखने और स्त्री-सहयोग की उस अनकही शक्ति का पर्व भी है, जो पीढ़ियों से हमारी संस्कृति को सँभालती आई है।

मानसी के लिए उस वर्ष का छठ केवल एक व्रत नहीं था। वह अपनी सास की स्मृतियों को नमन था, अपने ससुर के विश्वास का सम्मान था, अपनी बेटियों को विरासत सौंपने का संकल्प था और अपनी मिट्टी से जुड़े रहने का एक भावुक अनुभव था।

उस दिन उसे लगा कि छठी मैया ने उसका व्रत ही नहीं, उसके मन की मुराद भी पूरी कर दी थी।

क्योंकि मिट्टी से दूर रहा जा सकता है, लेकिन मिट्टी को अपने भीतर से कभी अलग नहीं किया जा सकता।

झारखंड की मिट्टी की यही तो खूबसूरती है—वह जहाँ भी जाती है, अपने संस्कारों की खुशबू साथ ले जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *