gulmohar

एक सुहागन कविता

लाल साड़ी और पारंपरिक श्रृंगार में सजी सुहागन स्त्री के रूप में प्रतीकात्मक कविता का चित्रण। रस, छंद और अलंकार के आभूषणों से सजी कविता की प्रतीकात्मक सुंदरता।

मधु देवांगन

साहेब,

रस, छंद और अलंकार की ओढ़नी ओढ़
सजती है कविता एक सुहागन की तरह।
आड़ी-तिरछी लकीरों से तन सजाती,
माथे पर लगाती चंद्र-बिंदी,
मात्राओं का करती श्रृंगार,
शब्दों के आभूषण पहन इतराती।

न जाने कितने अर्धविराम,
कितने ही अल्पविराम,
प्रश्नों की तो जैसे झड़ी-सी लगती है।
हर चिह्न पर स्वयं को खोजती,
अपनी व्याख्या को तरसती,
अपनी अपूर्णता में
अपना अर्थ तलाशती…

इत्र की स्याही में डूबकर
उतरती चली जाती है
किसी कवि की लेखनी में।
दुःख, दर्द, पीड़ा, प्रेम और वियोग,
सब कुछ भीतर समेटे
सिर्फ़ बढ़ती जाती है
पंक्तियों से पन्नों तक।

फिर उसके अंतिम पड़ाव पर
उतर आता है एक बिंदु…
जहाँ न कोई अगला शब्द,
न कोई नया अर्थ रह जाता है,
न रह जाती है आगे बढ़ने की गुंजाइश।
जहाँ उसकी सारी यात्राएँ
मौन हो जाती हैं
और वह अपनी अंतिम साँस लेती है।

हाँ,
एक ठहराव,
जो बन जाता है
उसकी पूर्णता का साथी,
उसके जीवन की संपूर्णता
और
उसकी अंतिम पहचान…
“पूर्णविराम”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *