gulmohar

थोड़ी देर और ठहर जाओ

नवंबर की सुबह खिड़की के पास चाय पीती महिला पर पड़ती गुनगुनी सुनहरी धूप। नवंबर की गुनगुनी धूप में कुछ पल अपने लिए और प्रेम के लिए।

रीता मिश्रा तिवारी, भागलपुर

नवंबर की भोर, कोई सुबह नहीं होती,
एक ठहरी हुई नदी होती है,
जिसमें वह अपनी सारी चिंताएँ धीरे-धीरे डुबो देती है..!

नवंबर की धूप, धूप नहीं होती,
माँ की हथेलियों की गर्माहट होती है,
जो चुपके से कंधे पर आकर ठहर जाती है..!

नवंबर की धूप
जब उतरती है, तो लगता है जैसे
आसमान अपने गालों पर गुलाल मला हो..!

नवंबर की धूप
न तेज, न ठंडी होती है, बस
इतनी गुनगुनी कि मन कहे, थोड़ी देर और ठहर जाओ..!

भोर की सुनहरी, अलसाई बेला में
चाय की भाप में मुस्कुराती है धूप की एक पतली किरण
और हौले से उतर आती है हरसिंगार की पत्तियों पर,
जैसे कोई प्रेमी
थाम लेता हो प्रेमिका का हाथ..!

उसके लिए प्रेम, कोई देह नहीं,
प्रेम वह है, जो उसके अलसाए मन को समझे,
बिखरे बालों को सँवारे, बस
टुकुर-टुकुर देखता रहे और कहे,
“तुम्हें ऐसे ही देखते रहना मेरी सबसे अच्छी सुबह है।”

उस एक पल में वह स्त्री से प्रेमिका बन जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *