gulmohar

हिडेन टैलेंट !!

सर्दियों में पापड़ सुखाती और स्वेटर बुनती भारतीय माँ माँ के चौबीस घंटों में छिपे होते हैं अनगिनत हुनर।

अलका सोनी, दुर्ग

जो दिन हमारे लिए
पलक झपकते ही बीत जाते हैं,
क्या करें और क्या न करें
की उधेड़बुन में!!
उन्हीं चौबीस घंटों में
माएँ जाने क्या-क्या
कर जाती हैं!!

अहले सुबह से
शुरू होने वाला दिन
उनके लिए शीत में भी
बन जाता है इतना बड़ा कि
अक्सर उसे तानकर
वे सुखा लेती हैं पापड़ और
बड़ियाँ!!

बुन लिया करती हैं,
उल्टी-सीधी, करामाती छड़ियों से
हमारे नाप के स्वेटर!!

गूँथ लेती हैं
अपनी चोटियों में,
हमारी फेहरिस्तों को!!

बर्फीली रातों के
शुरू होने से पहले,
तह करके रख लेती हैं
रोटियों की गर्माहट!!

जाने कैसे याद रख लेती हैं
दूध के साथ-साथ,
किताबों और
सिलेबस के पूरे होने का हिसाब!!

तय है यह कि
सभी माँओं में होता है
कोई “हिडेन टैलेंट”!!

One thought on “हिडेन टैलेंट !!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *