Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

खाली हाथ नहीं, श्रद्धा के साथ हों परमात्मा के दर्शन

साध्वी शाश्वत प्रिया श्री जी महाराज साहब धर्म सभा को संबोधित करते हुए

पुण्योदय से मिला जिन शासन, अब धर्म से जीवन को सार्थक करें-शाश्वत प्रिया श्रीजी म.सा

सुरेश परिहार, संपादक लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

महिदपुर रोड:
श्री राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर में विराजित परम पूज्य साध्वी श्री शाश्वत प्रिया श्री जी महाराज साहब ने शुक्रवार को आयोजित धर्मसभा में जीवन को झकझोर देने वाला संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परमात्मा का जिन शासन और जैन कुल हमें किसी साधारण संयोग से नहीं, बल्कि पुण्योदय के विशेष योग से प्राप्त हुआ है। इसलिए इस दुर्लभ मनुष्य भव को केवल भोग में नहीं, बल्कि धर्म आराधना से सफल बनाना चाहिए।

साध्वीश्री ने प्रभावशाली उदाहरण देते हुए कहा कि यदि हमें देश के प्रधानमंत्री का निमंत्रण मिले, तो हम पूरी तैयारी और सज-धज के साथ जाते हैं। उसी प्रकार तीन लोक के नाथ तीर्थंकर परमात्मा के दर्शन के लिए भी हमें खाली हाथ नहीं, बल्कि अष्टप्रकारी पूजा की सामग्री और पूर्ण श्रद्धा-भाव के साथ जाना चाहिए। दर्शन केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आत्मा को जागृत करने का साधन है।

उन्होंने साधार्मिक भक्ति और प्रभावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की सेवा और धर्म प्रचार में किया गया हर प्रयास अनेक गुना पुण्य प्रदान करता है। इस अवसर पर साधार्मिक भक्ति एवं प्रभावना का लाभ अशोक कुमार बापू लाल कोचर ‘मावा वाला’ परिवार ने लिया।

पूज्य साध्वी श्री जी की पावन निश्रा में नगर में लगातार धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में समाजजनों की सहभागिता देखी जा रही है। धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने इसे आत्मचिंतन और धर्म-पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला संदेश बताया। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। उक्त जानकारी जैन समाज के मीडिया प्रतिनिधि सचिन भंडारी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *