बजाज पुणे ग्रैंड टूर में जनउत्साह, उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दिखाई हरी झंडी
पुणे:-सासवड़ की ऐतिहासिक धरती गुरुवार को रोमांच, राष्ट्रभावना और खेल उत्साह के अनोखे संगम की साक्षी बनी, जब बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 अंतरराष्ट्रीय साइकिलिंग प्रतियोगिता के तीसरे चरण का भव्य शुभारंभ हुआ. उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सासवड़ नगर परिषद परिसर से हरी झंडी दिखाकर रेस को रवाना किया और स्वयं खिलाड़ियों से संवाद कर उनके साहस और जज़्बे की सराहना की.

भारत माता की जय, जय भवानी जय शिवाजी, गणपति बाप्पा मोरया के नारों से गूंजता वातावरण, स्कूल के बच्चों द्वारा शिवकालीन वेशभूषा में प्रस्तुत शिवराज्याभिषेक की झांकी और सासवड़वासियों की उत्स्फूर्त भागीदारी ने प्रतियोगिता को उत्सव का स्वरूप दे दिया. हर उम्र के नागरिक सड़क किनारे खड़े होकर साइकिल चालकों का जोश बढ़ाते नजर आए.
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार, विधायक विजय शिवतारे, पूर्व विधायक संजय जगताप, नगराध्यक्ष आनंदी जगताप, जिला कलेक्टर जीतेंद्र डूडी, महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के सचिव संजय शेटे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे.

उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ और संपूर्ण पुणे जिला खेल संस्कृति के लिए जाना जाता है. नागरिकों का उत्साह खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सहयोग से यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित हो रही है. केंद्र सरकार, राज्य सरकार और पुणे जिला प्रशासन का समन्वय इस आयोजन की ताकत है.

137.7 किलोमीटर लंबे इस चुनौतीपूर्ण चरण ने सासवड़ से सुपे, पानवड़ी घाट, कालदरी बोरी फाटा, मांधर, माहुर, परींचे, हरनी, वाल्हे, पिसुर्टी, नीरा, ब्राह्मणधरा, मूर्ति, मोरगांव, तरडोली, जलगांव के. पी., करहावागज, खंडोबानगर, पिंपली, लिमटेक, कन्हेरी, रुई रोड सावल और वंजारवाड़ी का रोमांचक सफर तय करते हुए विद्या प्रतिष्ठान कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय, बारामती में समापन किया.
मार्ग के प्रत्येक गांव में सड़कों की सजावट, चौराहों पर पुणे ग्रैंड टूर के कटआउट, तालियों-सीटियों की गूंज और लहराते तिरंगों ने पूरे सफर को जीवंत बना दिया. दर्शकों को हाई-फाइव देते हुए आगे बढ़ते साइकिल चालकों और प्रतियोगिता के शुभंकर ने माहौल को और अधिक रोमांचक कर दिया.
यह आयोजन केवल एक साइकिल रेस नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और जनसहभागिता से सजी एक यादगार एडवेंचर यात्रा बनकर उभरा.

निश्चित ही एक शानदार अनुभव दर्शकों के लिए एवं इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतियोगियों के लिए! अति सुंदर, आयोजक एवं प्रसार प्रचार के साथ ही हमें जानकारी देने के लिए आपके साथ आपके चैनल को बहुत-बहुत धन्यवाद