Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

भूख

एक भूखा बच्चा रोटी की ओर उम्मीद भरी नज़रों से देखता हुआ भूख का दर्द वही समझ सकता है जिसने एक-एक निवाले के लिए संघर्ष किया हो।

खुशबू गोयल, सिलीगुड़ी

भूख क्या है, ये उनसे पूछो,
जो एक-एक निवाले को तरसता है।
वो क्या जाने भूख का दर्द,
जो थाल भर खाकर तड़पता है।

भूख क्या है, ये उनसे पूछो,
भूख से जिनकी आँतें सूख गई हैं,
चेहरों पर जिनके आँसुओं की लकीरें जमी हैं।
कहीं बाप लाचारी में
रात-रात भर आँसू बहाता है,
तो कहीं माँ अपने हिस्से की रोटी भी
बच्चों को खिला देती है।

कहीं दावतें सजाई जाती हैं,
तो कहीं हिस्से में सिर्फ़ सूखी हवाएँ आती हैं।
कहीं रोटियाँ यूँ ही फेंक दी जाती हैं,
तो कहीं नज़रें एक टुकड़े के लिए तरस जाती हैं।

काश, ये भूख बिकती बाज़ारों में,
तो लाइनों में यही बेबस खड़े होते।
बेच देते अपनी भूख को,
अरे, बेच देते अपनी तड़प को,
ताकि भूखे रहकर मरना न पड़ता।

मिल जाए बस एक निवाला,
इस आस में दर-दर भटकना न पड़ता।

मगर अफ़सोस…
भूख बिकती नहीं,
बस हर वक़्त ग़रीब ही बिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *