“तेरे बिना ज़िंदगी से कोई शिकवा तो नहीं…”

"एक कपल बारिश में साथ बैठे हुए, भावनात्मक लेकिन अनिश्चित रिश्ते को दर्शाता दृश्य"

सिचुएशनशिप: प्यार है लेकिन रिश्ता नहीं, क्या जेनजी के रिश्ते बदल रहे हैं ?

सुरेश परिहार

तेरे बिना ज़िन्दगी से कोई, शिकवा तो नहीं
शिकवा नहीं, शिकवा नहीं, शिकवा नहीं
तेरे बिना ज़िन्दगी भी लेकिन ज़िन्दगी तो नहीं
ज़िन्दगी नहीं, ज़िन्दगी नहीं, ज़िन्दगी नहीं
काश ऐसा हो, तेरे कदमों से, चुन के मंज़िल चले
और कहीं, दूर कहीं
तुम गर साथ हो, मंज़िलों की कमी तो नहीं
जी में आता है, तेरे दामन में सर छुपा के हम
रोते रहें, रोते रहें
तेरी भी आँखों में आंसूओं की नमी तो नहीं
तुम जो कह दो तो, आज की रात चाँद डूबेगा नहीं
रात को रोक लो
रात की बात है और जिन्दगी बाकी तो नहीं…….
यह गीत फिल्म 1975 में आई फिल्म आंधी का है. इस गीत को सुनते हुए वर्तमान में जेनजी के रिलेशनशिप का एक प्रकार सिचुएशनशीप के लगभग करीब है. तो सोचा इस पर ही लिखने की कोशिश करता हूं.. आप पहले यह गाना सुनिए फिर यह आर्टिकल पढ़िए. आपको लगे की मेरा प्रयास कितना सफल हुआ है तो जरुर कमेंट करके बताइए.
हम रोज़ बात करते हैं, घंटों साथ रहते हैं, एक-दूसरे की परवाह भी करते हैं… लेकिन हम रिलेशनशिप में नहीं हैं. आज के समय में यह बात बहुत से युवाओं के लिए अनजानी नहीं है. रिश्तों की दुनिया बदल रही है. अब हर जुड़ाव को दोस्ती या प्रेम संबंध के नाम से पहचानना आसान नहीं रहा. कुछ रिश्ते ऐसे भी होते हैं, जिनमें अपनापन होता है, भावनाएँ होती हैं, एक-दूसरे की चिंता होती है, लेकिन फिर भी उनके बीच एक सवाल हमेशा बना रहता है. हमारा रिश्ता आखिर है क्या?
इसी उलझन भरे रिश्ते को आज की भाषा में (सिचुएशनशिप) कहा जाता है.
आखिर क्या होती है सिचुएशनशिप?
सिचुएशनशिप एक ऐसा रिश्ता है, जिसमें दो लोग एक-दूसरे के करीब होते हैं. वे अपनी खुशियाँ और परेशानियाँ साझा करते हैं, एक-दूसरे के साथ समय बिताना पसंद करते हैं और भावनात्मक रूप से जुड़ भी जाते हैं.लेकिन जब बात रिश्ते को कोई नाम देने, भविष्य की योजना बनाने या कमिटमेंट की आती है, तो कहीं न कहीं एक झिझक दिखाई देती है.यह न पूरी तरह दोस्ती होती है और न ही एक स्पष्ट प्रेम संबंध. कह सकते हैं कि यह रिश्तों के बीच की वह स्थिति है, जहाँ भावनाएँ तो होती हैं, लेकिन मंज़िल साफ नहीं होती.
क्या यह सिर्फ आज की पीढ़ी का चलन है?
अक्सर कहा जाता है कि सिचुएशनशिप सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स के दौर की देन है. लेकिन अगर इतिहास के पन्ने पलटें, तो पता चलता है कि ऐसे रिश्ते पहले भी मौजूद थे. फर्क सिर्फ इतना था कि तब इनके लिए कोई नाम नहीं था.
पुराने समय में भी कई लोग एक-दूसरे से प्रेम करते थे, भावनात्मक रूप से जुड़े होते थे, लेकिन परिवार, समाज और परंपराओं के कारण अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार नहीं कर पाते थे.कभी प्रेम पत्रों के जरिए भावनाएँ व्यक्त होती थीं, तो कभी चोरी-छिपे मुलाकातों में दिल की बातें कही जाती थीं. कई रिश्ते ऐसे रहे, जिनमें प्यार तो था, लेकिन उन्हें कोई पहचान नहीं मिल पाई.आज वही अनिश्चितता एक नए नाम के साथ हमारे सामने है सिचुएशनशिप.
पहले और अब में क्या बदला है?
पुरानी पीढ़ी के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाज था. लोग क्या कहेंगे? यह सवाल कई रिश्तों के बीच दीवार बन जाता था.परिवार की प्रतिष्ठा, सामाजिक नियम और परंपराएँ लोगों को अपने रिश्तों के बारे में खुलकर बोलने से रोकती थीं. आज की पीढ़ी के सामने चुनौतियाँ अलग हैं. अब करियर, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, बदलती जीवनशैली, कमिटमेंट का डर और पिछले रिश्तों के अनुभव लोगों के फैसलों को प्रभावित करते हैं.यानी पहले रिश्ते समाज के डर से छिपाए जाते थे, आज कई बार लोग अपनी स्वतंत्रता और असमंजस के कारण उन्हें नाम देने से बचते हैं.
क्यों बढ़ रहा है सिचुएशनशिप का चलन?
आज हर व्यक्ति अपने जीवन में भावनात्मक जुड़ाव चाहता है. कोई ऐसा हो जिससे बात की जा सके, जिसके साथ अच्छा समय बिताया जा सके और जो समझ सके.लेकिन इसके साथ ही बहुत से लोग रिश्तों की जिम्मेदारियों से भी डरते हैं. सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स ने नए लोगों से जुड़ना आसान बना दिया है. विकल्प बढ़े हैं, लेकिन रिश्तों में स्थिरता और स्पष्टता की चुनौती भी बढ़ी है. कई लोग चाहते हैं कि कोई उनके करीब रहे, लेकिन वे रिश्ते की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं होते. यही स्थिति कई बार सिचुएशनशिप को जन्म देती है.
कैसे पहचानें कि आप सिचुएशनशिप में हैं?
अगर आपके रिश्ते में ये बातें हैं, तो आपको एक बार सोचने की जरूरत है
आप दोनों लगातार बात करते हैं और एक-दूसरे के साथ समय बिताते हैं.
एक-दूसरे की परवाह करते हैं, लेकिन रिश्ते को कोई नाम नहीं दिया गया है.
भविष्य या कमिटमेंट की बात आते ही बातचीत बदल जाती है.परिवार या दोस्तों के सामने रिश्ते को स्वीकार करने में झिझक महसूस होती है.
मन में बार-बार यह सवाल आता है. हम दोनों के बीच आखिर रिश्ता क्या है?
क्या सिचुएशनशिप में प्यार नहीं होता?
ऐसा कहना सही नहीं होगा. कई बार इसमें सच्चा प्यार भी होता है. दो लोग एक-दूसरे से जुड़े होते हैं, लेकिन परिस्थितियाँ या डर उन्हें आगे बढ़ने से रोकते हैं. वहीं कई बार ऐसा भी होता है कि एक व्यक्ति इस रिश्ते को गंभीरता से लेता है, जबकि दूसरा इसे केवल साथ बिताए गए अच्छे समय तक सीमित रखना चाहता है. यही अंतर धीरे-धीरे दर्द और भावनात्मक तनाव का कारण बन सकता है.
क्या सिचुएशनशिप गलत है?
इसका जवाब इतना आसान नहीं है.अगर दोनों लोग रिश्ते को लेकर स्पष्ट हैं, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनकी अपेक्षाएँ समान हैं, तो ऐसा रिश्ता गलत नहीं कहा जा सकता.लेकिन परेशानी तब शुरू होती है, जब एक व्यक्ति भविष्य के सपने देखने लगता है और दूसरा केवल वर्तमान तक सीमित रहना चाहता है. रिश्ते में सबसे जरूरी चीज़ हैस्पष्टता.
अगर आप ऐसी स्थिति में हैं तो क्या करें?
सबसे पहले खुद से सवाल करें कि आप इस रिश्ते से क्या चाहते हैं.
क्या आप केवल साथ चाहते हैं या एक स्थायी रिश्ता?
इसके बाद अपने साथी से ईमानदारी से बात करें. अपनी भावनाएँ और उम्मीदें साझा करें. कई बार एक बातचीत रिश्ते को नई दिशा दे सकती है. लेकिन अगर दोनों की मंज़िल अलग है, तो समय रहते सच्चाई स्वीकार करना ही बेहतर होता है. रिश्तों का नाम नहीं, नीयत मायने रखती है. समय बदल गया है, रिश्तों के तरीके बदल गए हैं, लेकिन प्यार की जरूरत आज भी वही हैभरोसा, सम्मान और अपनापन.सिचुएशनशिप कोई नया रिश्ता नहीं, बल्कि रिश्तों की बदलती हुई एक तस्वीर है. पहले लोग इसे खामोशी से जीते थे, आज इसे एक नाम मिल गया है.
आखिर में किसी भी रिश्ते की खूबसूरती उसके नाम से नहीं, बल्कि उसमें मौजूद ईमानदारी, समझ और सम्मान से तय होती है.
क्योंकि रिश्ता चाहे दोस्ती कहलाए, प्यार कहलाए या सिचुएशनशिप… अगर उसमें दिल की सच्चाई नहीं है, तो सबसे खूबसूरत रिश्ता भी अधूरा रह जाता है.

इन रचनाओं को भी पढ़ें-

अधूरी मुलाक़ात
अमर मित्रता
मेरी ताक़त, मेरे दोस्त
अनुपमा जैसी दोस्त ने मुझे बनाया लेखिका
दोस्ती की वह छांव, जहां पूरा मोहल्ला एक परिवार बन गया
कुछ मित्र जीवन होते हैं
“तेरे बिना ज़िंदगी से कोई शिकवा तो नहीं…”

One thought on ““तेरे बिना ज़िंदगी से कोई शिकवा तो नहीं…”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *