तीन नई एयरलाइंस को उड़ान की हरी झंडी
नई दिल्ली. भारत के एविएशन सेक्टर में बड़ा धमाका हुआ है. लंबे समय से चले आ रहे एयरलाइन डुपोली को सीधी चुनौती देते हुए सरकार ने तीन नई एयरलाइंस को संचालन की मंजूरी दे दी है. अल हिंद एयर, फ्लाईएक्सप्रेस और शंख एयर को टेकऑफ की हरी झंडी मिलते ही विमानन उद्योग में हलचल तेज हो गई है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के इस फैसले से घरेलू हवाई यात्रा का चेहरा बदलने की उम्मीद है. यात्रियों को जल्द ही ज्यादा विकल्प, किफायती किराए और बेहतर सेवाएं मिल सकती हैं. खास बात यह है कि ये नई एयरलाइंस क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर जोर देंगी, जिससे छोटे शहरों से बड़े महानगरों तक उड़ान भरना और आसान होगा.सूत्रों के अनुसार, अल हिंद एयर अंतरराष्ट्रीय और शॉर्ट-हॉल रूट्स पर नजर गड़ाए हुए है, वहीं फ्लाईएक्सप्रेस लो-कॉस्ट मॉडल के जरिए आम यात्रियों को आकर्षित करेगी. शंख एयर भी घरेलू बाजार में मजबूत एंट्री की तैयारी में है.विशेषज्ञ मानते हैं कि इन नई कंपनियों के आने से मौजूदा बड़ी एयरलाइंस पर दबाव बढ़ेगा, जिससे किराए में संतुलन और सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा. साथ ही हजारों नए रोजगार के अवसर भी खुल सकते हैं.
सरकार के इस फैसले को भारतीय एविएशन सेक्टर के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है, जो आने वाले दिनों में हवाई यात्रा को और सुलभ और प्रतिस्पर्धी बना सकता है.
