रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, 900 करोड़ के पार

मुंबई-
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है. इसके साथ ही धुरंधर वर्ष 2025 की पहली भारतीय फिल्म बन गई है, जिसने वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा पार किया है. तीसरे हफ्ते में भी फिल्म की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही, जिससे इसके जल्द ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने की प्रबल संभावना बन गई है.

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक, तीसरे सोमवार को मामूली गिरावट के बाद मंगलवार को फिल्म ने फिर से मजबूती दिखाई. रिलीज के 19वें दिन धुरंधर ने भारत में 17.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की. इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 589.50 करोड़ रुपये, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 707.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

धुरंधर की सबसे बड़ी खासियत इसका ऐतिहासिक तीसरा सप्ताह रहा है. इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा कमाई वाला थर्ड वीक दर्ज किया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड पुष्पा 2: द रूल के नाम था, जिसने तीसरे हफ्ते में 129 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि बाहुबली 2 ने 127 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. धुरंधर ने सिर्फ हिंदी संस्करण होने के बावजूद तीसरे हफ्ते के महज पांच दिनों में ही 129 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. क्रिसमस की छुट्टियों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि तीसरे हफ्ते में भारत में फिल्म की कमाई 170 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.

विदेशी बाजारों में भी धुरंधर का दबदबा कायम है. उत्तर अमेरिका और मध्य पूर्व में फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है. अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजारों से फिल्म ने 22 मिलियन डॉलर की कमाई कर ली है. इसके साथ ही 19 दिनों में धुरंधर का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 905 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. बुधवार को यह फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार, एनिमल और बजरंगी भाईजान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए अब तक की टॉप 10 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल हो सकती है.

फिल्म की कहानी की बात करें तो धुरंधर में रणवीर सिंह ने हमजा नाम के एक भारतीय एजेंट की भूमिका निभाई है, जो कराची में सक्रिय गैंग और आतंकी नेटवर्क में घुसपैठ करता है. यह एक दमदार जासूसी थ्रिलर है, जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है. फिल्म में अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया के बीच अब इसके दूसरे भाग, जो मार्च 2026 में रिलीज होगा, को लेकर भी उत्सुकता चरम पर पहुंच गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *