किकू शारदा का खुलासा- 70% स्क्रिप्टेड, बाकी मौके पर बनने वाली कॉमेडी.
मुंबई. दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने वाला ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ आखिर कैसे बनता है? क्या शो में सब कुछ पहले से लिखा होता है या कलाकार मौके पर कॉमेडी करते हैं? इन सवालों का जवाब अब शो के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक किकू शारदा ने दिया है. उन्होंने शो के पर्दे के पीछे की कई दिलचस्प बातें साझा करते हुए बताया कि आखिर दर्शकों तक पहुंचने वाली कॉमेडी कैसे तैयार होती है.
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किकू शारदा ने बताया कि शो में आने वाले सेलिब्रिटी मेहमानों को पहले से स्क्रिप्ट, पंचलाइन, जोक्स या किरदारों की जानकारी नहीं दी जाती. ऐसा जानबूझकर किया जाता है ताकि स्टेज पर उनकी पहली प्रतिक्रिया पूरी तरह स्वाभाविक और वास्तविक हो. उनके अनुसार, दर्शकों को सबसे ज्यादा मजा तभी आता है, जब मेहमानों की हंसी और हैरानी बनावटी नहीं बल्कि असली हो.
किकू ने बताया कि शो के लिए पूरी स्क्रिप्ट तैयार की जाती है, लेकिन शूटिंग के दौरान कई बार बातचीत ऐसी दिशा में चली जाती है कि कलाकारों को तुरंत नए जोक्स और पंचलाइन बनानी पड़ती हैं. उन्होंने कहा कि लगभग 70 प्रतिशत शो स्क्रिप्ट के अनुसार चलता है, जबकि बाकी 30 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह मौके पर किया गया इम्प्रोवाइजेशन होता है.
उन्होंने कहा कि कई बार कोई सेलिब्रिटी ऐसी बात कह देता है, जिसकी पहले कल्पना भी नहीं की गई होती. ऐसे समय कलाकार उसी माहौल के अनुसार कॉमेडी तैयार करते हैं और यही पल अक्सर सबसे ज्यादा यादगार बन जाते हैं.
सलमान खान के साथ शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए किकू शारदा ने कहा कि उनके रिएक्शन का अनुमान लगाना बेहद मुश्किल होता है. कई बार जिस बात पर पूरी टीम को लगता है कि सलमान खूब हंसेंगे, उस पर वे बिल्कुल शांत रहते हैं. वहीं अचानक किसी छोटी-सी बात पर उनकी जोरदार हंसी छूट जाती है. एक बार हंसना शुरू करने के बाद वे लंबे समय तक हंसते रहते हैं और उनकी आंखों से आंसू तक निकल आते हैं.
किकू ने कपिल शर्मा की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि अगर किसी जोक पर दर्शकों की अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो कपिल शर्मा अपनी हाजिरजवाबी और मौके पर पंचलाइन बनाने की कला से पूरे माहौल को तुरंत संभाल लेते हैं. यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
उन्होंने बताया कि पिछले 13 वर्षों में कपिल शर्मा के साथ काम करते-करते दोनों के बीच इतनी गहरी समझ विकसित हो गई है कि बिना कुछ कहे ही दोनों एक-दूसरे की सोच और अगले कदम को समझ जाते हैं. यही तालमेल शो को हर बार नया और मनोरंजक बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है.
करीब एक दशक से अधिक समय से दर्शकों का पसंदीदा बना कपिल शर्मा का यह शो अब नेटफ्लिक्स पर ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के रूप में भी दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है और किकू शारदा के इन खुलासों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अच्छी स्क्रिप्ट के साथ-साथ कलाकारों की हाजिरजवाबी और मौके पर किया गया इम्प्रोवाइजेशन ही इस शो की सबसे बड़ी पहचान है.
