Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

मीरा दी: रिश्ते से बढ़कर अपनापन

सविता सिंह मीरा के जन्मदिन पर उनके साथ जुड़ी आत्मीय यादें

आज लाइव वॉयर न्यूज प्रसिद्ध लेखिका सवितासिंह मीरा (जमशेदपुर) के जन्म दिवस पर विशेष सामग्री के रुप में उनके मित्रों के संस्मरण प्रस्तुत कर रहा है

पूनम सिंह वत्सला, जमशेदपुर

कुछ लोग जिंदगी में आते हैं और बस याद बनकर रह जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो कब परिवार का हिस्सा बन जाते हैं, पता ही नहीं चलता. सविता सिंह मीरा मेरे लिए ऐसी ही शख्सियत हैंएक ऐसी दीदी, जिनसे जुड़कर मुझे दोस्ती और बहन के रिश्ते, दोनों का अपनापन मिला.
उनसे मेरी पहली मुलाकात एक साहित्यिक बहन के घर आयोजित काव्य गोष्ठी में हुई थी. हम सभी साहित्यिक बहनें होली समारोह और काव्य गोष्ठी के लिए एकत्रित हुई थीं. वहीं पहली बार उनसे परिचय हुआ और बातचीत शुरू हुई.
पहली नजर में ही उनका व्यक्तित्व मुझे सबसे अलग लगा. उनका बातचीत का अंदाज, सहजता और आत्मविश्वास मुझे बहुत प्रभावित कर गया. शायद तभी मन ने तय कर लिया था कि यह परिचय केवल परिचय बनकर नहीं रहेगा.
धीरे-धीरे हमारे बीच बहन का रिश्ता बन गया. जब भी मुलाकात होती, वे बड़े प्यार से गले लगातीं. उनके इस स्नेह में हमेशा एक खास अपनापन महसूस होता है. मैं उन्हें प्यार से मीरा दीदी बुलाती हूँ.
मीरा दीदी जितनी खूबसूरती से लिखती हैं, उनकी प्रस्तुतियाँ भी उतनी ही प्रभावशाली होती हैं. उनका स्वभाव सरल, सौम्य और सहज है. उनके साथ बातचीत में कभी औपचारिकता महसूस नहीं होती.
जब भी मुझे, नीलम और मीरा दी को साथ समय बिताने का मौका मिलता है, हम तीनों देर तक बातें करते हैं, हँसते हैं और खूब मस्ती करते हैं. साहित्य से लेकर जिंदगी के छोटे-बड़े किस्सों तक हमारी बातचीत का सिलसिला चलता रहता है.मीरा दी से बात करके कई बार ऐसा लगता है, जैसे बरसों पहले कोई अपना बिछड़ गया था और अब फिर मिल गया हो. उनके साथ एक ऐसी सहजता है, जिसमें मन की बात कहने के लिए ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं पड़ती.जब भी मुझे किसी बात में परेशानी होती है, मैं बेझिझक उनसे पूछती हूँ. वे बड़े प्यार से समझाती हैं, जरूरत पड़ने पर सुधारती हैं और सही दिशा दिखाती हैं. यही उनका अपनापन उन्हें मेरे लिए खास बनाता है.
जिंदगी में बहुत से लोग मिलते हैं, लेकिन कुछ ही दिल में अपनी जगह बना पाते हैं. मीरा दी मेरे लिए उन्हीं खास लोगों में से एक हैं.
मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूँ कि मुझे बहन और दोस्त, दोनों रूपों में मीरा दी जैसी शख्सियत मिली.
मेरी प्यारी मीरा दी, जन्मदिन पर मेरी यही कामना है कि आपकी जिंदगी खुशियों से भरी रहे, आपकी लेखनी निरंतर समृद्ध होती रहे और आपके चेहरे की यह प्यारी मुस्कान हमेशा बनी रहे.
जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएँ, मीरा दी.
****************************************************************************************
लाइव वॉयर न्यूज की ओर से भी जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएँ, सविता जी.
यूँ ही मुस्कुराती रहिए और अपने आसपास के संसार में अपनी आत्मीयता की रोशनी बिखेरती रहिए.

suresh parihar

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वायर न्यूज़, पुणे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *