Live Wire News literary portal with Gulmohar and Rajnigandha flowers

अन्याय का समर

अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और सामाजिक चेतना को दर्शाती हिंदी कविता जब अन्याय के सामने समाज मौन हो जाए, तब जागरूक मन और संवेदनशील कलम की आवाज़ जरूरी हो जाती है।

प्रीति अरोरा “प्रीत” बदायूं (उत्तर प्रदेश)

रण-संग्राम की धरा पर, दे अन्याय को चीर,
देख ज़रा अंतस-चक्षु से, आत्मा बहा रही है नीर।

शस्त्रों का आलिंगन कर तू, शौर्य-तिलक लगा ले माथ,
आज नहीं जागा तो मानव, कल पश्चात्ताप होगा साथ।

धधक रही माँ-बेटी की इज़्ज़त, कैसे चुप रह सकता है?
अन्यायों से भरा घड़ा तू, कैसे मस्तक धर सकता है?

पल-पल रिसता न्याय भी, धोखा हुआ अति बलवान,
भरी सभा भी मौन को वरती, जब शकुनी चलता चाल।

कुर्सी पर बैठे अभिमानी, क्यों न करते उक्त संवाद?
लेखक भी चुप क्यों है, बोलो, क्या कलम ठहर गई आज?

अपने-अपने स्वार्थ की खातिर, मानवता बिकती बाज़ार,
लौह-सम करकश व्यंग्य-बाण से, फिर सजा हुआ है हाट।

सत्ताधारी शासन में सब, मिला रहे सुर में ताल,
अपने मत की कोई न कीमत, बस तलवे रहे हैं चाट।

मौन रहा जो अब तू मानव, तो समय बड़ा बलवान,
कर्तव्यों से विमुख हुआ तो, समय-चक्र से सीधा संवाद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *