मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट में  जाम

वाहनों की 8 से 10 किलोमीटर लंबी कतारें 

लोणावाला: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट में शनिवार तड़के से ही भारी यातायात जाम लगा हुआ था. मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की 8 से 10 किलोमीटर लंबी कतारें लगी थीं. यह जाम लगभग नियंत्रित होने ही वाला था कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे एक चलती रेनॉल्ट कार में अचानक आग लग गई और कार पूरी तरह जलकर राख हो गई. इस घटना से जाम में और अधिक बढ़ोतरी हुई. सौभाग्य से घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई.

EXPRESS WAY

शनिवार-रविवार की छुट्टियों का फायदा उठाते हुए बड़ी संख्या में पर्यटक अपने वाहनों से लोणावाला, खंडाला, मावळ के पर्यटन स्थलों सहित महाबलेश्वर, पाचगनी, कोल्हापुर, सांगली और सातारा के विभिन्न स्थलों की ओर निकल रहे थे. भारी संख्या में वाहनों के इन मार्गों पर आने की वजह से मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के से ही जबरदस्त जाम की स्थिति बन गई थी. इस जाम को दूर करने के लिए बोरघाट (दस्तूरी) हाईवे के सहायक पुलिस निरीक्षक स्वप्निल पाटिल और खंडाला हाईवे के सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील अवसरमोल के मार्गदर्शन में दोनों हाईवे पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही थीं.

ROW OF VAHICALS

जाम न बढ़े इसलिए दोनों हाईवे पुलिस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मुंबई से पुणे और पुणे से मुंबई जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएँ कीं. बोरघाट पुलिस ने दस्तूरी चेकपोस्ट के निकट स्थित क्रॉस-रोड से वाहनों को पुणे-मुंबई लेन की ओर मोड़कर आगे खंडाला सुरंग के पास स्थित क्रॉस-रोड से पुनः मुख्य मार्ग पर छोड़ने की व्यवस्था की. 10 मिनट का ब्लॉक लेकर यातायात नियंत्रित कर जाम को हटाने का प्रयास किया गया.

चलती रेनॉल्ट कार आग में जलकर राख

जाम लगभग सामान्य होने ही वाला था कि शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे मुंबई से पुणे की ओर जा रही एक रेनॉल्ट कार ने अमृत अंजन पुल और बोरघाट (दस्तूरी) हाईवे पुलिस स्टेशन के बीच अचानक आग पकड़ ली. इससे जाम में और ज्यादा वृद्धि हुई. आग लगते ही कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया. चालक और कार में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई.

कुछ ही क्षणों में आग ने भयंकर रूप ले लिया. सूचना मिलते ही नजदीक मौजूद हाईवे पुलिस मौके पर पहुँची और आग बुझाने के लिए आईआरबी कंपनी के फायर ब्रिगेड को बुलाया. इससे पहले देवदूत आपातकालीन दल वहाँ पहुँचा और आग नियंत्रण का प्रयास शुरू किया. लेकिन तेज हवा के कारण आग पर नियंत्रण पाना कठिन हो रहा था. आग इतनी भीषण थी कि पूरी रेनॉल्ट कार राख में बदल गई. आग बुझने के बाद हाईवे पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई कार को हटाकर यातायात पुनः सुचारु किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *