महाकाल की भक्ति और सेवा: कावड़ यात्रियों के लिए अन्नक्षेत्र

उज्जैन, २५ जुलाई (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) – श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति द्वारा कावड़ यात्रियों के लिए विशेष भोजन व्यवस्था की गई है। इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी शनि मंदिर के पास एक अस्थायी अन्नक्षेत्र स्थापित किया गया है, जहां प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक नि:शुल्क भोजन कराया जा रहा है। यह व्यवस्था श्री महाकाल मंदिर अन्नक्षेत्र द्वारा संचालित की जा रही है।

महाकाल को भोग के बाद यात्रियों को परोसा जाता है भोजन
मंदिर समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, भोजन महाकाल मंदिर के अन्नक्षेत्र में तैयार किया जाता है और पहले भगवान महाकाल को भोग लगाया जाता है। इसके बाद विशेष वाहनों के माध्यम से इसे इंदौर-उज्जैन रोड स्थित मधुश्री होटल के पास बनाए गए अस्थायी स्टॉल पर पहुँचाया जाता है। भोजन में यात्रियों को सूखी सब्जी, पूरी और एक मीठा व्यंजन दिया जा रहा है। सोमवार को व्रती शिवभक्तों के लिए फलाहारी खिचड़ी और चिप्स की विशेष व्यवस्था की जाती है।

2004 से जारी है अन्नक्षेत्र की परंपरा
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति वर्ष 2004 से अन्नक्षेत्र की व्यवस्था संचालित कर रही है, जिसमें महाकाल दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को नि:शुल्क भोजन प्रसादी दी जाती है। भोजन के लिए श्रद्धालु मंदिर के निर्गम द्वार और श्री महाकाल महालोक स्थित सप्तऋषि प्रतिमा के पास के काउंटरों से कूपन प्राप्त कर सकते हैं, जिसके बाद वे त्रिवेणी संग्रहालय द्वार पर स्थित अन्नक्षेत्र में भोजन प्राप्त कर सकते हैं।

दान से चलता है सेवा का यह कार्य
यह पूरी व्यवस्था श्रद्धालुओं के दान से संचालित होती है। श्रद्धालु अपने प्रियजनों के जन्मदिन, पुण्यतिथि या विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर एक समय के भोजन प्रसादी के लिए ₹25,000 और पूरे दिन के लिए ₹51,000 का दान दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त श्रद्धालु मंदिर समिति द्वारा संचालित गौशाला, वैदिक प्रशिक्षण संस्थान और चिकित्सा इकाई में भी दान कर सकते हैं।

प्रथम सोमवार को 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
मंदिर प्रबंधक प्रथम कौशिक ने बताया कि श्रावण के पहले सोमवार, 14 जुलाई 2025 को अन्नक्षेत्र में विशेष फलाहार वितरण किया गया, जिसमें लगभग 10 क्विंटल साबूदाने की खिचड़ी, आमटी, चिप्स और साबूदाने की खीर तैयार की गई थी। इस दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं और कावड़ यात्रियों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की, जो मंदिर समिति के सेवा भाव का प्रतीक है।

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *