नरेंद्र मोदी के ७५वें जन्मदिन पर पुणेकरों की शुभकामनाएं

‘हैप्पी बर्थडे मोदी जी’ का संदेश देते हुए जब हज़ार ड्रोनरूपी तारे आकाश में जगमगाने लगे, तब पुणेकरों की आंखें मानो तृप्त हो गईं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृत महोत्सव अर्थात ७५वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री और पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोल की संकल्पना से इस भव्य ड्रोन शो का आयोजन एस.पी. महाविद्यालय के मैदान में किया गया था. मोहोल ने पहले ही घोषणा की थी कि यह शो तीन किलोमीटर परिसर तक दिखाई देगा. इस कारण मैदान जितना खचाखच भरा था, उतनी ही भीड़ मैदान के चारों ओर भी जमा हुई थी. लोग सड़कों पर खड़े होकर आकाश में चल रहा यह अद्भुत नज़ारा देख रहे थे. महाराष्ट्र में इस प्रकार का शो पहली बार आयोजित किया गया था.

पुणे का गणेशोत्सव जो आज वैश्विक स्तर तक पहुँच चुका है, उसी का प्रतीक रूप मानकर ड्रोन के माध्यम से गणपति बप्पा की छवि प्रस्तुत की गई. साथ ही मराठी जनमानस के दैवत संतश्रेष्ठ ज्ञानेश्वर महाराज, जगदगरू तुकाराम महाराज, महाराष्ट्र की अस्मिता छत्रपति शिवाजी महाराज, लोकमान्य तिलक, सावित्रीबाई फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की झलक भी ड्रोन शो में दिखाई गई.

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के १२ वर्षों की प्रधानमंत्री काल की यात्रा, उनके बड़े, ठोस और साहसिक निर्णयों का चित्रात्मक प्रदर्शन भी आकाश में उकेरा गया. विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, राममंदिर, स्वच्छ भारत अभियान, नोटबंदी, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, मोदी का अपनी मॉं के साथ हृदय संवाद, ग्यारह साल बेमिसाल, सम्पूर्ण भारत का नक्शा, पुलवामा हमले के जवाब में उरी में किया गया सर्जिकल स्ट्राइक, पहलगाम हमले के उत्तर में ऑपरेशन सिंदूर, मंगलयान मिशन, मेक इन इंडिया, कॉमन मैन की पहुँच में हवाई यात्रा और अंत में स्वयं मुरलीधर मोहोल की छवि यह सब कुछ ड्रोन शो के माध्यम से आकाश में शानदार तरीके से प्रस्तुत किया गया.

Happy birthday to our PM