नवंबर 2022 से अप्रैल 2026 तक चलता रहा धोखाधड़ी का सिलसिला
पुणे. रियल एस्टेट व्यवसाय में निवेश पर 40 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर एक महिला से 40 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. इस प्रकरण में खडक पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
इस संबंध में रतनदेवी कांतिलाल ओसवाल (उम्र 54, निवासी जय भवानी सोसायटी, भवानी पेठ) ने खडक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके आधार पर पुलिस ने अनिल कटारिया (उम्र 60) और राहुल अनिल कटारिया (उम्र 35, निवासी प्रेशियस जेम सोसायटी, कोरेगांव पार्क) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह घटना नवंबर 2022 से 13 अप्रैल 2026 के बीच हुई है.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की पहचान एलआईसी एजेंट दीपक शाह के माध्यम से करीब पांच वर्ष पहले आरोपियों से हुई थी. आरोपी रियल एस्टेट का व्यवसाय करते थे और अक्सर पैसों की जरूरत बताकर उनसे रकम लेते और वापस भी कर देते थे, जिससे उन पर विश्वास बन गया था.
नवंबर 2022 में आरोपियों ने महिला के घर जाकर जमीन खरीदने के लिए 40 लाख रुपये की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि यह राशि उधार नहीं बल्कि निवेश के रूप में लें और इसके बदले हर महीने 1 लाख 60 हजार रुपये लौटाएंगे तथा आवश्यकता होने पर मूल रकम भी वापस कर देंगे.
आरोपियों की बातों पर विश्वास कर महिला ने शेयर बाजार से पैसा निकालकर अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2022 में कुल 40 लाख रुपये दे दिए. शुरुआत में अगस्त 2023 से अक्टूबर 2023 तक तीन महीने तक आरोपी ने तय राशि दी, लेकिन उसके बाद भुगतान बंद कर दिया.
लगातार मांग करने पर आरोपियों ने 40 लाख रुपये के तीन चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा करने पर हस्ताक्षर मेल नहीं खाने के कारण चेक बाउंस हो गए. इसके बाद आरोपी टालमटोल करने लगे और संपर्क से बचने लगे.
पीड़िता को बाद में पता चला कि आरोपी कोरेगांव पार्क का घर छोड़ चुके हैं और केवल सिग्नल ऐप के माध्यम से संपर्क कर रहे थे. शिकायत की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने एक परिचित के मोबाइल से संपर्क कर एक महीने में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की. आखिरकार महिला ने खडक पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक तोंडे कर रहे हैं.

One thought on “पुणे में 40 लाख की ठगी, 40% रिटर्न का झांसा”