बीड़ से अहिल्यानगर के लिए पहली ट्रेन रवाना
बीड़, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री तथा बीड़ के पालकमंत्री अजित पवार ने आज बीड़ जिले को बड़ी सौगात देते हुए अमलनेर (बी) – बीड़ नई रेल लाइन का लोकार्पण किया तथा बीड़ से अहिल्यानगर के लिए उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं जलवायु परवर्तन तथा पशुसंवर्धन मंत्री श्रीमती पंकजा मुंडे, राज्यसभा सांसद राजनी पाटिल लोकसभा सांसद बजरंग सोनवणे, केंद्रीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। यह समारोह बीड़ रेलवे स्टेशन पर भव्य रूप से संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक बीड़ स्टेशन पर एकत्र हुए। माहौल उत्साह और आनंद से भर गया। यह आयोजन मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिन के अवसर पर हुआ, जो 17 सितंबर 1948 को भारतीय सेना द्वारा हैदराबाद निज़ाम पर विजय के बाद मराठवाड़ा के भारतीय संघ में विलय की स्मृति में मनाया जाता है।
स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा यह दिन – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह दिन बीड़ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह नई रेल लाइन जिले के सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक और शैक्षणिक विकास का नया अध्याय बनेगी। विकास की नई परिभाषा है – बेहतर कनेक्टिविटी।”*
जनता की जिम्मेदारी – उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री और पालकमंत्री अजित पवार ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ट्रेन सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन इनकी जिम्मेदारी जनता की है। यात्री समय पर टिकट लेकर ही यात्रा करें।”*
67.78 किमी लंबी रेल लाइन से जुड़ा बीड़
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए धरमवीर मीणा, महाप्रबंधक, मध्य रेलवे ने कहा कि “आज का दिन मराठवाड़ा की बलिदानी परंपरा की याद दिलाने के साथ ही नई उम्मीदों और अवसरों की शुरुआत का प्रतीक है। 67.78 किमी लंबी अमलनेर (बी) – बीड़ रेल लाइन और बीड़ तक डीईएमयू सेवा विस्तार के साथ क्षेत्र का लंबे समय से प्रतीक्षित सपना पूरा हुआ है।”
इस अवसर पर मध्य रेलवे मुख्यालय एवं पुणे मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के कई अधिकारी तथा विभागाध्यक्ष भी मौजूद थे।
