चमत्कारिक कमाई का महामंत्र
मुझे नोबल पुरस्कार मिलना ही चाहिए क्योंकि मैंने घर पर बैठे-बैठे आमदनी की ऐसी योजना तैयार कर ली है जिससे लाखों लोग मोटी कमाई कर सकते हैं. इस योजना में मैंने एक बड़ी कम्पनी लॉन्च करने की तैयारी कर ली है. यह कंपनी इतनी कमाई करेगी कि क्या अदाणी, क्या अंबानी, क्या टाटा, क्या बिड़ला सभी पानी भरते नजर आएंगे.
असल में मैंने बड़ी तकनीक से एक ऐसा पाठ्यक्रम तैयार किया है जो इसे पूर्ण करने वाले को लाखों की कमाई की शत-प्रतिशत गारंटी देगा.
मित्रों, आप लोग इस योजना को जानने के लिए इतने उतावले न हों. मैं निश्चित रूप से अपने फेसबुक फ्रेंड्स को प्राथमिकता दूंगा. थोड़ा धैर्य रखिए, मैं योजना का रहस्योद्घाटन इसी लेख में करने जा रहा हूँ. यदि इस पाठ्यक्रम में अति-प्राथमिकता की चाहत है तो कृपया मेरे बैंक अकाउंट में दस हजार रुपये ऑनलाइन जमा कर दें.
हाँ, पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने से पहले आवश्यक योग्यता की जाँच अवश्य कर लें, बाद में यह मत कहिएगा कि ये हमसे नहीं हो पाएगा.
आवश्यक योग्यता
आपमें वाकपटुता होनी चाहिए.
धाराप्रवाह बोलने की क्षमता होनी चाहिए.
निडरता से झूठ बोलने का साहस होना चाहिए.
बातों को घुमा-फिराकर कहने की प्रवीणता होनी चाहिए.
कॉन्फिडेंस होना चाहिए.
कार्यक्षेत्र
इस बिजनेस का कार्यक्षेत्र प्राथमिक तौर पर तीन समूहों में होगा जो संसार के 90 प्रतिशत भाग को कवर कर लेगा.
कार्य का संक्षिप्त वर्णन
अति संक्षिप्त में… गधों को बेवकूफ बनाना
संसार में गधों की भरमार है! इनमें बहुत से गधे पढ़े-लिखे शिक्षित भी हैं लेकिन हैं तो गधे! इसलिए किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है. आप पर पढ़े-लिखे गधे भी ठीक वैसा ही विश्वास करेंगे जैसे अनपढ़ गधे. कार्यक्षेत्र इतना विस्तृत है कि आपके पीछे इतने गधे यानी ग्राहक आएंगे कि संभाले नहीं संभलेंगे! सैलाब की तरह आपके पीछे भागेंगे! आपको ज्यादा कुछ नहीं करना है, आपको ऐसी कुछ बातें याद करनी हैं ताकि गधे आपको गुरु मान सकें. वैसे धार्मिक बातों का भी इस व्यवसाय में कोई खास स्थान नहीं है. जो सबसे खास योग्यता आपमें होनी चाहिए, उसे हम कहते हैं डंग-चगहा योग्यता यानि जैसे चौक-चौराहों में बांस बांधकर जो लोग रस्सी में चलने का करतब दिखाते हैं, डमरू बजाकर सांप-नेवले की लड़ाई दिखाते हैं या फिर सौ बीमारी की एक दवाई बेचते हैं इस प्रकार की डंग-चगहाधारी योग्यता वाले आवेदकों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी.
जैसा कि मैं आपको पहले भी बता चुका हूँ कि इस बिजनेस का क्षेत्र पूरी दुनिया को कवर कर लेगा. इस व्यवसाय का मूल मंत्र होगा
अनेक रिसर्च करने के बाद हमने पाया है कि गधे जिस चीज़ से सबसे ज्यादा आकर्षित होते हैं वह है चमत्कार!
हमने अपने पाठ्यक्रम को बहुत ही वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया है. उदाहरण के तौर पर बीमारी से चंगाई, जिन्नात से छुटकारा, झोली भर दे, जन्नत के सपने, मनोकामना पूर्ण, भविष्यवाणी, कष्ट निवारण.
हमारे कोर्स को इतनी विशेषताओं से संवारा गया है कि कोई भी गधा किसी भी प्रकार की समस्या लेकर आये, आप हर मर्ज़ की एक दवा के तर्ज़ पर उसे संतुष्ट कर पाएंगे.
हमारी कंपनी वृहद स्तर पर इंटरनेशनल यूनिवर्सिटीज खोलने जा रही है जो विदेशों में भी धूम मचाएगी. क्योंकि हमारे सर्वे में यह बात प्रमाणित हुई है कि गधे केवल देसी नहीं होते, विदेशों में भी गधों की अच्छी-खासी जमात है! पाठ्यक्रम पूर्ण करने के पश्चात आपको दी ग्रेट बाबा की उपाधि दी जाएगी. इस उपाधि की मान्यता सम्पूर्ण संसार में होगी.हमारा दावा और सौ प्रतिशत गारंटी है कि इस उपाधि को प्राप्त करने के बाद कोई माई का लाल आपके चमत्कार को झुठला नहीं सकेगा! कोई लंगड़ा व्यक्ति आपके पास लंगड़ाते हुए आएगा, आप बस उछलकूद करते हुए बोलिए तू चंगा हो गया कसम मां की वो लड़खड़ाते हुए ही जायेगा और कहेगा मैं चंगा हो गया सारे गधे ताली पीटेंगे! बस इतना कहना है
जाओ बनारस के पंडा चौक पर पांडे जी की दुकान से पचास रुपये की जलेबी लो, खाओ और दोना गंगा जी में बहाओ, सारे कष्ट दूर हो जाएंगे.गधा खुशी-खुशी बैंगलोर से बनारस भागेगा, जलेबी खाएगा, दोना बहाएगा और लौटकर कहेगा धन्य हो महाराज, आपने मेरे सारे कष्ट दूर कर दिए.वे तुम्हारे इतने भक्त हो जाएंगे कि तुम्हारे पैरों की धूल पाने के लिए जान भी दे देंगे! इतना सब जानने के बाद भी क्या आप मेरी कंपनी में इन्वेस्ट नहीं करेंगे?आपको शुरू में केवल दस हजार रुपये लगाने हैं.एक महीने के अंदर ही दस गुना रिटर्न मिलेगा शर्तिया!!!
तो तैयार हो जाइए और शीघ्र पैसे जमा कराइए
बाबा मेकिंग कंपनी प्रा. लि.
खाता नंबर 420-420-420
अनुपम बर्डे
मैनेजिंग डायरेक्टर

अनुपम नीता बर्डे, प्रसिद्ध व्यंग्यकार, बिलासपुर
