बैलेंस चेक किया तो उड़ गए होश! 12 से 14 सितंबर के बीच तीन बार निकाली रकम; 1930 पर शिकायत के बाद माधव नगर थाने में मामला दर्ज
उज्जैन। मोबाइल पर बैंक खाते का बैलेंस चेक करना एंबुलेंस ड्राइवर राजेश कुमार देवतवाल के लिए चौंकाने वाला साबित हुआ। खाते में करीब 2 लाख 9 हजार रुपये कम मिलने पर उसे पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। राजेश ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की। इसके बाद माधव नगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, बागपुरा, सांवेर रोड निवासी राजेश कुमार पिता बाबूलाल देवतवाल निजी एंबुलेंस चालक है। 12 सितंबर से 14 सितंबर के बीच साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग बार में कुल 2 लाख 9 हजार रुपये निकाल लिए।
राजेश को खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी उस समय हुई, जब उसने मोबाइल पर अपना बैंक बैलेंस चेक किया। इसके बाद उसने बिना देर किए साइबर अपराध की हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
राजेश ने माधव नगर पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम निकाल ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगी के तरीके और रकम निकालने वाले आरोपी की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खाते से रकम किस माध्यम से निकाली गई।
