हीटस्ट्रोक से बचाव के लिए जारी की गाइडलाइन
पुणे, 11 मार्च -पुणे में लगातार बढ़ते तापमान के बीच पुणे महानगरपालिका ने संभावित हीटवेव को लेकर नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मनपा ने गर्मी से होने वाली बीमारियों और हीटस्ट्रोक से बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
मनपा की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि गर्मी के दिनों में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. नागरिकों को शराब, चाय, कॉफी और अधिक चीनी वाले पेय पदार्थों से परहेज करने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की मात्रा कम कर देते हैं और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकते हैं.
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि प्यास न लगने पर भी हर आधे घंटे में पानी पीने की आदत डालनी चाहिए. इससे शरीर में पानी की कमी नहीं होती और गर्मी से होने वाली समस्याओं से बचाव संभव है.
जो लोग धूप में काम करते हैं, उन्हें सिर, गर्दन और चेहरे को गीले कपड़े या किसी सुरक्षा कपड़े से ढकने की सलाह दी गई है, ताकि तेज धूप से बचाव हो सके.
मनपा ने गर्मियों में अधिक पानी वाले फलों और सब्जियों को आहार में शामिल करने की भी सलाह दी है. तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास और खीरा जैसे फल शरीर को ठंडक देने और पानी की कमी दूर करने में मदद करते हैं.
इसके साथ ही घर के अंदर तापमान कम रखने के लिए दिन में खिड़कियों पर मोटे पर्दे लगाने और रात में खिड़कियां खुली रखने की सलाह दी गई है, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे. कमरे को ठंडा रखने के लिए पंखे का उपयोग या गीले कपड़े का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
बाहर निकलते समय हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है. सिर को ढकने के लिए टोपी या छाता और आंखों की सुरक्षा के लिए सनग्लासेस का उपयोग भी लाभदायक बताया गया है. मनपा ने इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने के लिए ओआरएस, घर का बना लस्सी, छाछ, नींबू पानी, आम पन्ना और ताजा सलाद जैसे पेय और खाद्य पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है.
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर जाने से बचें, क्योंकि इसी समय गर्मी सबसे अधिक होती है. इसके अलावा दोपहर के समय छत या ऊपरी मंजिलों पर जाने से भी बचने की सलाह दी गई है
