गो-ग्रीन थीम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम; महिलाओं को पौधे भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सुरेश परिहार, पुणे
पुणे, १२ मार्च
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मिथिला समाज संस्था, पुणे की ओर से वाघोली स्थित सांग्रिला होटल में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘गो ग्रीन’ रखी गई थी. पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं और अतिथियों को पौधे भेंट किए गए, ताकि अधिक से अधिक हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश समाज तक पहुंचाया जा सके.

कार्यक्रम का संचालन ज्योति मिश्रा ने प्रभावशाली ढंग से किया. इस अवसर पर प्रीति मिश्रा ने मधुर गीत प्रस्तुत किया, जबकि भावना कुमार और रीना दास ने महिला दिवस पर अपने स्वलिखित गीत गाकर उपस्थित जनसमूह को भावुक और प्रेरित किया.इसी क्रम में प्रभा रानी ने अपनी स्वलिखित कविता का पाठ कर सभी को प्रभावित किया.

वहीं जय-जय भैरवी की सुंदर प्रस्तुति रीना दास, भावना कुमार और अलका जी द्वारा दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.यह कार्यक्रम मिथिला समाज संस्था पुणे की अध्यक्षा श्रीमती संगीता चौधरी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जबकि कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती अपर्णा झा रहीं. कार्यक्रम को सफल बनाने में नूतन ठाकुर, ममता ठाकुर, आराधना मिश्रा, निधि झा, मोनालिसा झा, काजल चौधरी, नीतू मिश्रा, रूबी झा, तुलसी झा, प्रीति झा, सोनी चौधरी, सविता चौधरी और स्निग्धा झा का विशेष सहयोग रहा.
ये रचना भी पढ़ें
होली और रंगपंचमी पर लगने वाला डोल मेला
