RSS शताब्दी वर्ष पर विशाल हिंदू सम्मेलन, राममय जुलूस में श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया

सुरेश परिहार, संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे

महिदपुर रोड में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल हिंदू सम्मेलन ने नगर की सामाजिक और धार्मिक ऊर्जा को एक साथ जोड़ दिया। पूरा शहर भगवा ध्वजों से सजा-धँसा नजर आया। त्रिभुवन नाथ मंदिर से शुरू हुई भगवा रैली, जिसमें राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की प्रतिमाएँ रथ पर सजी हुई थीं, बस स्टैंड स्थित राम मंदिर तक पहुंची। वहां राम मंदिर समिति और विधायक दिनेश जैन बोस ने रैली का स्वागत किया। रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर इस राममय जुलूस का अभिनंदन किया।

जुलूस का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पुराने पोस्ट ऑफिस चौराहे पर हुआ, जहां हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। फिर रैली कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची, जहां कार्यक्रम का मुख्य आयोजन स्थल तैयार था। यहां सरस्वती शिशु मंदिर की बहनों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद प्रमुख प्रवक्ता संत भाईजी प्रदीप संजा ने “फैशन” को धर्म की चुनौतियों में से एक बताते हुए कहा कि धर्म की रक्षा के लिए अपने शरीर को ढंकना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फैशन के नाम पर लोग कपड़े उतार रहे हैं इसी के साथ उन्होंने आर्थिक लेन-देन में भी “हिंदू भाई” को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि आर्थिक स्तर पर भी समुदाय की एकता मजबूत हो सके।

राष्ट्रीय सेविका समिति, उज्जैन की रेखा दीदी ने संघ के पांच परिवर्तन की विस्तारपूर्ण जानकारी दी और बताया कि कैसे व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन में बदलाव लाकर राष्ट्र निर्माण संभव है।
विशेष अतिथि विभाग कार्यवाह पारस गहलोत ने अपने संबोधन में “लव जिहाद” को समाज के लिए खतरा बताया और कहा कि अपने गांव और नगर को इससे सुरक्षित रखना आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक समरसता और एकता पर जोर देते हुए कहा कि हमारी जाति-व्यवस्था बंटी हुई है, इसे एक सूत्र में पिरोना होगा तभी हिंदुओं की नींव मजबूत होगी। उन्होंने संघ की शाखाओं में हर हिंदू के एक घंटे की उपस्थिति को व्यक्ति निर्माण और देश सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया। गहलोत ने “एक पंगत-एक संगत” की अवधारणा को सामाजिक समरसता की मजबूत नींव करार दिया।
कार्यक्रम के अंत में आभार कार्यक्रम संयोजक कमलसिंह पंवार ने व्यक्त किया। इस अवसर पर खंड कार्यवाह आशीष राठी, खंड सह कार्यवाह कृष्ण पांडे, पवन जोशी, खंड प्रचार प्रमुख चंद्रशेखर कसेरा, दशरथ राठौर, संतोष जायसवाल, बालकृष्ण राठौर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम ने शहर में हिंदू एकता और धार्मिक चेतना को नया स्वर दिया, साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक संदेशों को भी मजबूत किया।

जय जय श्री राम 🚩🚩🚩
बहुत शानदार खबर 🙏🙏🙏