बोले – देश में सकारात्मक बदलाव की लहर
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के आयोजित भस्म आरती में देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल हुए। उन्होंने प्रातः 4 बजे नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप किया और लगभग दो घंटे तक गहन श्रद्धा के साथ आरती में भाग लेकर दर्शन लाभ प्राप्त किया.
आरती के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए श्री धनखड़ भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि देश में इस समय सकारात्मक परिवर्तन की लहर चल रही है। धार्मिक स्थलों पर हो रहे बेहतर प्रबंधन और विकास कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आने से व्यक्ति के भीतर का अहंकार, ईर्ष्या और प्रतिशोध जैसी नकारात्मक भावनाएं समाप्त हो जाती हैं तथा मन को अद्भुत शांति का अनुभव होता है.
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने श्री धनखड़ का स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट कर सम्मान किया. मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे और श्रद्धालुओं में भी उत्साह का वातावरण देखा गया.
