डिस्ट्रिक्ट टॉपर बन मंच पर हुआ सम्मान

सुरेश परिहार, लाइव वॉयर न्यूज पुणे
महिदपुर रोड। छोटे कस्बों की प्रतिभाएँ जब बड़े मंचों पर अपनी चमक बिखेरती हैं, तो पूरा क्षेत्र गर्व से भर उठता है। ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण तब देखने को मिला जब महिदपुर रोड की होनहार छात्रा अनुष्का भटनागर को इंदौर में आयोजित प्रतिष्ठित सम्मान समारोह में डिस्ट्रिक्ट टॉपर के रूप में सम्मानित किया गया।
स्थानीय गुरुकुल मानस एकेडमी की छात्रा अनुष्का ने कक्षा 12वीं (बायोलॉजी) वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया अध्याय लिखा है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे महिदपुर रोड क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान फिजिक्स वाला (PW) द्वारा इंदौर में आयोजित ‘शाबाश’ सम्मान समारोह में अनुष्का को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान उन्हें डिस्ट्रिक्ट टॉपर की ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह और विशेष उपहार प्रदान किए गए।
इस गौरवशाली अवसर पर मंच पर पीडब्ल्यू के फैकल्टी सदस्य, अनुष्का के माता-पिता तथा अनेक विद्यार्थी मौजूद रहे। ट्रॉफी ग्रहण करते समय अनुष्का के चेहरे पर आत्मविश्वास और परिवार की आंखों में गर्व साफ झलक रहा था।
मेहनत, अनुशासन और सपनों की जीत
अनुष्का के पिता श्री विश्रांत भटनागर, जो सहायक सचिव के पद पर कार्यरत हैं, तथा माता श्रीमती पिंकी भटनागर, जो स्वयं शिक्षिका हैं, ने बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया।
उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।अनुष्का की सफलता की खबर मिलते ही महिदपुर रोड क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
गुरुकुल मानस एकेडमी परिवार, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, सहपाठियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अनुष्का की उपलब्धि यह साबित करती है कि प्रतिभा स्थान की मोहताज नहीं होती। यदि लगन, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास हो तो छोटे नगरों से निकलकर भी बड़े मंचों पर सफलता का परचम लहराया जा सकता है। महिदपुर रोड की इस बेटी ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सपने बड़े हों तो मंजिलें भी बड़ी मिलती हैं।

शाबाश MEP 👏👏👏