
ज्योति सोनी ” वैदेही”, लेखिका, अलवर (राजस्थान)
उत्तर भारत में मनाया जाने वाला करवा चौथ हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है, जो विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, स्वास्थ्य, अपने और परिवार की समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं. व्रत सूर्योदय से चंद्रोदय तक रखा जाता है और रात में चाँद को देखकर पति को अर्घ्य देने के साथ यह व्रत पूरा होता है. कुछ जगहों पर अविवाहित महिलाएं भी यह व्रत करती हैं ताकि उन्हें अपने जीवनसाथी की प्राप्ति हो.
करवा चौथ केवल एक व्रत नहीं, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है. यह पर्व रिश्तों में स्थिरता और एक-दूसरे के प्रति निष्ठा की भावना को बढ़ाता है.
पौराणिक कथाएँ
देवी पार्वती-
पौराणिक कथाओं के अनुसार सबसे पहले देवी पार्वती ने अपने पति भगवान शिव के लिए यह व्रत रखा था. उन्होंने पति की लंबी उम्र और कल्याण के लिए निर्जला व्रत का पालन किया.
रानी वीरवती–
एक अन्य कथा में रानी वीरवती ने भूख-प्यास से व्याकुल होकर अपने भाइयों के कहने पर नकली चाँद देखकर व्रत तोड़ दिया, जिससे उनके पति की मृत्यु हो गई. बाद में उन्होंने सच्चे मन से व्रत और तपस्या की, जिससे उनके पति का जीवन पुनः लौट आया.
करवा नाम की स्त्री–
कथा है कि करवा नाम की स्त्री ने अपनी पति भक्ति और समर्पण से यमराज को भी विवश कर दिया और अपने पति के प्राण वापस पाए. यह कथा करवा चौथ व्रत की शक्ति और निष्ठा का प्रतीक मानी जाती है.
करवा चौथ का महत्व–
यह व्रत पति की लंबी उम्र और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए रखा जाता है.पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और समर्पण को मजबूत करता है.यह व्रत संकटों से मुक्ति और ईश्वरीय आशीर्वाद प्राप्त करने का माध्यम है.अविवाहित महिलाओं के लिए यह व्रत जीवनसाथी की प्राप्ति की कामना का प्रतीक भी है.कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष चतुर्थी को मनाया जाने वाला यह त्योहार न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक रूप से भी महिलाओं को एकजुट करता है और पारिवारिक रिश्तों में मधुरता का संदेश देता है.
