
रीना सिन्हा सलोनी
दूर कहीं घनेरे सघन
जंगलों के बीच
यूँ खिल गए आज
पलाश के फूल।
मादक खुशबू नहीं,
एक तपन-सी लिए मन में…
जैसे भोर के साथ
उग आए सूरज,
मानो ढलती शाम के साथ
सुलगा दी हों किसी ने
गाँव की सारी अंगीठियाँ।
लाल-लाल दहकते
अंगारों से फूल…
रात भर जागी
लाल उनींदी आँखों-सी,
दप-दप कर जलती-बुझती,
मन में एक कोमल
अगन-सी लिए,
टहटह करते
सुंदर पलाश के फूल।
न इंतज़ार किसी का,
न मिलन, न बिछोह।
कोई देखे न देखे,
बस अपनी ही धुन में
चुपचाप खिलते-झरते,
कुछ पागल, मतवाले
ये बेचारे-से फूल।
दूर कहीं घनेरे सघन
जंगलों के बीच
यूँ खिल गए आज
पलाश के फूल…
