gulmohar

विश्वास की जीत

दोस्त के विश्वास से सफलता हासिल करती लेखिका कभी-कभी हमारी प्रतिभा पर हमसे पहले किसी और को विश्वास होता है.

डॉ.पुष्पा पाठक, छतरपुर

मुझे लिखने का शौक था। मैं लगातार कहानियाँ लिखती थी, लेकिन अपनी लेखनी पर मुझे स्वयं विश्वास नहीं था। कहानी लिखने के बाद भी मन में यही रहता कि शायद मैं अच्छा नहीं लिख सकती। मुझे लगता था कि मेरी कहानियाँ किसी के मन को छूने लायक नहीं हैं।

अभिषेक मेरी इस सोच को हमेशा ग़लत साबित करने की कोशिश करता। वह कहता, “तुम्हारी कहानियों में भाव हैं और तुम्हारे शब्दों में ताकत है। बस, तुम्हें ख़ुद पर विश्वास करना सीखना होगा।”

मैं उसकी बात सुनती, लेकिन मन से स्वीकार नहीं कर पाती थी।

एक दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर की कहानी प्रतियोगिता की घोषणा हुई। मैंने उसमें भाग लेने से साफ़ मना कर दिया। मुझे डर था कि इतने बड़े मंच पर मेरी कहानी कौन पसंद करेगा? अभिषेक ने फिर मेरा हौसला बढ़ाया। उसने कहा, “तुम परिणाम के बारे में मत सोचो। बस, अपनी पूरी ईमानदारी से कहानी लिखो। कोशिश करना तुम्हारे हाथ में है।”

उसके विश्वास ने मुझे कहानी लिखने की प्रेरणा दी। मैंने कहानी लिखकर प्रतियोगिता में भेज दी।

कुछ समय बाद परिणाम घोषित हुआ। मंच पर चारों ओर बधाइयों की आवाज़ें गूँज रही थीं। अचानक प्रथम स्थान के लिए मेरा नाम पुकारा गया। मेरे हाथ में ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र था, लेकिन मेरी आँखें भीड़ में केवल अभिषेक को तलाश रही थीं।

उसे देखते ही मेरी आँखों में आँसू आ गए।

मैंने कहा, “अभिषेक, यह सिर्फ़ मेरी जीत नहीं है। यह तुम्हारे विश्वास की जीत है। जिस दिन मुझे ख़ुद पर भरोसा नहीं था, उस दिन तुमने मुझ पर विश्वास किया।”

उसने मुस्कुराकर कहा, “मैंने तुम्हारे भीतर वही देखा, जिसे तुम ख़ुद नहीं देख पा रही थीं।”

यही सच्ची मित्रता है जब हम स्वयं पर विश्वास खो दें, तब कोई मित्र हमारे भीतर विश्वास की लौ जलाए रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *