सूरीनाम हिन्दी परिषद् का 48वाँ वार्षिकोत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न

हिन्दी भाषण प्रतियोगिता व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सूरीनाम हिन्दी परिषद् का 48वाँ स्थापना दिवस एवं हिन्दी पखवाड़े का शुभारंभ पाँच सितंबर को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर “हिन्दी भाषण प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी वक्तृत्व कला से श्रोताओं को प्रभावित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री करन जागेसर ने किया। परिषद् की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती मंदरांचल घिसाई दुबे एवं संस्थापक श्री लक्ष्मण सिंह ने संस्था की स्थापना और इसके इतिहास की जानकारी उपस्थित जनसमूह के साथ साझा की।

श्री विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, सूरीनाम के सांस्कृतिक निदेशक ने अपने संबोधन में भारत से सूरीनाम आए पूर्वजों की स्मृतियों को नमन करते हुए भारतीय संस्कृति और हिन्दी भाषा के संरक्षण हेतु हिंदुस्तानी भारतीय समुदाय की सराहना की। उन्होंने कहा, “भारतीय जहाँ भी गए, उन्होंने भारत का नाम रोशन किया है।”

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। परिषद् की छात्राएँ सुनंदा गोपी और रेशमा गोपी ने भरतनाट्यम की सुंदर प्रस्तुति दी, जबकि अन्य कलाकारों ने संगीत, नृत्य और गायन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं।

भाषण प्रतियोगिता में लक्ष्मण निशाल ने प्रथम, हरपाल प्रान ने द्वितीय और बोहरी नम्रता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जानकी शाम और हीरा साक्षी को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।

संस्था के अध्यक्ष श्री परमसुख परमानंद अस्वस्थता के कारण उपस्थित नहीं हो सके। उनके स्थान पर अन्य सदस्यों ने जिम्मेदारी सँभालते हुए कार्यक्रम का संचालन किया।

नीदरलैंड से लाइव वायर न्यूज के लिए डॉ.ॠतु शर्मा ननंन पांडे की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *