बदलते दौर में रिश्तों की नई परिभाषा

रुपाली गर्ग, मुंबई
आज की दुनिया तेज रफ्तार, बदलती सोच और डिजिटल जुड़ाव से भरी हुई है. इस दौर में प्रेम भी पहले जैसा नहीं रहा. अब यह सिर्फ चोरी-छिपे मिलने या चिट्ठियों तक सीमित नहीं, बल्कि खुलकर महसूस किया जाने वाला, समझ और समानता पर टिका एक गहरा रिश्ता बन चुका है.
युवा दिल बहुत नाज़ुक होता है. छोटी-सी बात भी उसे खुशी से भर सकती है और उतनी ही जल्दी आहत भी कर सकती है. अक्सर आकर्षण को ही प्रेम समझ लिया जाता है, क्योंकि किसी की मुस्कान, बात करने का अंदाज़ या स्टाइल दिल को छू जाता है. लेकिन सच्चा प्रेम इससे कहीं आगे होता है. वह व्यक्ति के विचारों, उसके व्यवहार और उसके साथ बिताए गए सच्चे पलों से धीरे-धीरे गहराता है.
आज Instagram और WhatsApp जैसे प्लेटफॉर्म्स ने दिलों को जोड़ना आसान कर दिया है. एक मैसेज, एक कॉल या एक स्टेटस के जरिए हम अपने जज़्बात तुरंत साझा कर सकते हैं. लेकिन यही डिजिटल दुनिया कभी-कभी रिश्तों को उलझा भी देती है. एक छोटी-सी गलतफहमी, एक अनदेखा मैसेज या देर से आया जवाब, दिल में कई सवाल खड़े कर देता है.
सच्चा प्रेम वही है, जहाँ दो लोग एक-दूसरे को बदलने की कोशिश नहीं करते, बल्कि जैसे हैं वैसे ही स्वीकार करते हैं. जहाँ “कंट्रोल” की जगह “केयर” होती है और “शक” की जगह “ट्रस्ट”. एक ऐसा रिश्ता, जहाँ खामोशी भी समझी जाती है और शब्दों की जरूरत कम पड़ती है. यंगस्टर का प्रेम आज भी उतना ही खूबसूरत है, बस उसकी अभिव्यक्ति बदल गई है. यह अब छिपा हुआ नहीं, बल्कि खुला और सच्चा है. लेकिन इसकी खूबसूरती तभी बनी रहती है, जब इसमें ईमानदारी, सम्मान और विश्वास की नींव मजबूत हो.
लेखिका के बारे में-
डॉ. रुपाली गर्ग
एक शिक्षिका, लेखिका और साहित्य साधिका हैं, जिन्होंने बरेली विश्वविद्यालय से पीएचडी तथा चेन्नई से MBA किया है।वे पिछले 2 वर्षों से लेखन में सक्रिय हैं और अब तक 300 से अधिक रचनाओं का सृजन कर चुकी हैं।
उनकी लेखनी में स्त्री, जीवन, वियोग और अनुभवों की गहराई झलकती है, साथ ही उन्हें जासूसी और दर्शनशास्त्र आधारित साहित्य पढ़ना विशेष रूप से पसंद है।
उनकी रचनाएँ 500+ साझा संकलनों व पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं, तथा वे कई साहित्यिक सम्मेलनों की गरिमा बढ़ा चुकी हैं. साथ ही उनकी 2 पुस्तकें प्रकाशित हैं और वे विभिन्न साहित्यिक मंचों पर उपाध्यक्ष एवं सह-संस्थापिका के रूप में सक्रिय हैं।
