कविता की महफिल में सजी ‘मन का कोना’ गोष्ठी

“मन का कोना” गोष्ठी में कविता पाठ करते साहित्यकार, कांदिवली मुंबई

कांदिवली में साहित्यप्रेमियों का उमड़ा उत्साह, रचनाओं से सराबोर हुआ वातावरण

मुंबई से डॉ. अनामिका दुबे की रिपोर्ट

मुंबई (प्रतिनिधि) : समग्र भारतीय साहित्य की सेवा हेतु समर्पित ‘साहित्यम’ द्वारा आयोजित मासिक साहित्यिक गोष्ठी “मन का कोना” का अप्रैल 2026 सत्र उत्साह और गरिमा के साथ कांदिवली स्थित ठाकुर कॉम्प्लेक्स में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यप्रेमियों और रचनाकारों ने प्रभावशाली काव्यपाठ प्रस्तुत कर वातावरण को साहित्यिक रस से सराबोर कर दिया। काव्यपाठ करने वालों में मेधा, रश्मि निर्मल, चन्द्रकान्त पाण्डेय, डॉ. अनामिका दूबे “निधि”, मधु चौधरी, अर्चना झा, नूतन राय, अम्बिका झा, मृदुला मिश्रा, सत्यवती मौर्य, नवीन सी. चतुर्वेदी, कुसुम तिवारी तथा नरोत्तम शर्मा शामिल रहे। आयोजकों के अनुसार, यह गोष्ठी प्रारंभ में ठाकुर कॉम्प्लेक्स के स्थानीय रहिवासियों के लिए शुरू की गई थी, लेकिन अब इसकी लोकप्रियता दूर-दराज क्षेत्रों तक फैल चुकी है और विभिन्न स्थानों से साहित्यप्रेमी इसमें भाग ले रहे हैं।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य हर रचनाकार को मंच प्रदान करना है. चाहे वह नवोदित हो या अनुभवी, तथा वह अपनी रचना प्रस्तुत करे या किसी अन्य की। इसी समावेशी दृष्टिकोण के कारण यह मंच लगातार विस्तार और सराहना प्राप्त कर रहा है।

यह मासिक गोष्ठी प्रत्येक महीने के तीसरे शनिवार को शाम 5 बजे से 7 बजे तक आयोजित की जाती है। अंत में आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस प्रकार काव्य गोष्ठियों का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *