पुणे के धानोरी में तड़के आगजनी से दहशत

धानोरी में आगजनी: पार्किंग में खड़े 6 दोपहिया वाहन जले

बिल्डिंग पार्किंग में खड़े वाहनों को बनाया निशाना

सुरेश परिहार (संपादक, लाइव वॉयर न्यूज, पुणे) की रिपोर्ट

धानोरी।
धानोरी के परांडेनगर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई आगजनी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने बिल्डिंग की पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों में आग लगा दी, जिससे छह वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार मध्यरात्रि के बाद लगभग साढ़े तीन बजे अचानक पार्किंग क्षेत्र से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। तेज आवाज के साथ वाहनों के टायर फटने की आवाज सुनकर आसपास के निवासी नींद से जाग गए। लोगों ने तुरंत बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक छह दोपहिया वाहनों को भारी नुकसान हो चुका था।
ये खबर भी पढ़ें
पुणे: प्रॉपर्टी टैक्स अभय योजना बढ़ाने का प्रस्ताव खारिज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आगजनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। इस घटना से आवासीय क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों में भय का माहौल है।

इधर आग लगने के बाद नागरिकों ने फायर ब्रिगेड के 101 नंबर पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस बात को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। खास बात यह है कि धानोरी क्षेत्र में ही अत्याधुनिक अग्निशमन केंद्र मौजूद है, जहां हमेशा दो से तीन फायर ब्रिगेड वाहन तैनात रहते हैं। इसके बावजूद समय पर मदद न मिलने को लेकर नागरिकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

इस बीच पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आगजनी के पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

One thought on “पुणे के धानोरी में तड़के आगजनी से दहशत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *